सम्मेलन में बिहार समेत देश के कई राज्यों से बाल रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा शिक्षक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विज्ञान में तेजी से हो रहे बदलावों और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई.
- देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच साझा किए अनुभव, आधुनिक तकनीक आधारित उपचार पर रखा पक्ष
- बिहार पेडिकॉन-2026 में बक्सर से शामिल होने वाले एकमात्र चिकित्सक रहे डॉ. डी.एन. सिंह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय स्तर के बाल रोग विशेषज्ञों और चिकित्सा विशेषज्ञों की मौजूदगी के बीच राजधानी पटना में आयोजित बिहार पेडिकॉन-2026 सम्मेलन में बक्सर का नाम भी विशेष रूप से उभरा. जिले के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ एवं शिव रामा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. डी.एन. सिंह को उनके शैक्षणिक योगदान और चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया. देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच उन्होंने अपने अनुभव और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विचार भी साझा किए.
राजधानी पटना के होटल मौर्या में आयोजित 34वें बिहार पेडिकॉन-2026 का आयोजन भारतीय बाल रोग अकादमी, बिहार राज्य शाखा द्वारा किया गया था. सम्मेलन में बिहार समेत देश के कई राज्यों से बाल रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा शिक्षक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विज्ञान में तेजी से हो रहे बदलावों और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई.
सम्मेलन के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) इन पीडियाट्रिक्स, जेनेटिक्स और मैकेनिकल वेंटिलेशन जैसे अत्याधुनिक विषयों पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित की गईं. इन सत्रों में बाल चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों के प्रयोग और उनके भविष्य पर चर्चा की गई. चिकित्सकों ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने पर भी विचार साझा किए.
विशेष बात यह रही कि इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में बक्सर जिले से डॉ. डी.एन. सिंह एकमात्र चिकित्सक के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान को देखते हुए आयोजकों ने उन्हें मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. साथ ही भारतीय बाल रोग अकादमी, बिहार राज्य शाखा की ओर से उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया. बिहार काउंसिल ऑफ मेडिकल रजिस्ट्रेशन की ओर से कार्यशाला में भाग लेने वाले चिकित्सकों को चार क्रेडिट आवर्स भी दिए गए.
सम्मान मिलने के बाद डॉ. डी.एन. सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक सम्मेलन चिकित्सकों को नवीनतम शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियों से जोड़ते हैं. उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और शोध आधारित तकनीकों का लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचाना जरूरी है.
डॉ. डी.एन. सिंह को मिले इस सम्मान के बाद बक्सर के चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है. सहयोगियों, शुभचिंतकों और मरीजों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया.






.png)









0 Comments