लुका-छिपी का खेल बना काल, दो मासूमों की मौत से खिलाफतपुर में पसरा मातम ..

स्थानीय लोगों के अनुसार तार कई जगहों से कटा-फटा और काफी जर्जर स्थिति में था. पुलिया के नीचे से खुले तरीके से तार गुजरने के कारण वहां हमेशा खतरा बना रहता था. हालांकि तार किसके यहां ले जाया गया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.

 





                               



  • -कटे-फटे बिजली तार की चपेट में आने के बाद पानी में गिरे बच्चे
  • -मुआवजे की मांग को लेकर यादव मोड़ के समीप सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया. लुका-छिपी खेल रहे एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की कटे-फटे बिजली के सर्विस वायर की चपेट में आने के बाद पानी में गिरकर मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

मृत बच्चों की पहचान महादलित बस्ती निवासी ढोंढा मुसहर के 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और दिमागी मुसहर के 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है. दोनों बच्चे मजदूरी कर परिवार का जीवन-यापन करने वाले मुसहर परिवार से थे. आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार पर एक साथ दो बच्चों की मौत ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. बच्चों की मौत के बाद परिवार में मातम और चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार खिलाफतपुर स्थित कोयला डिपो के समीप निर्माणाधीन सड़क के नीचे बनी पुलिया के पास संभवतः खेतों की सिंचाई के लिए लगाए गए बोरिंग हेतु सर्विस वायर ले जाया गया था. स्थानीय लोगों के अनुसार तार कई जगहों से कटा-फटा और काफी जर्जर स्थिति में था. पुलिया के नीचे से खुले तरीके से तार गुजरने के कारण वहां हमेशा खतरा बना रहता था. हालांकि तार किसके यहां ले जाया गया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.

बताया जाता है कि मंगलवार को दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे. खेलते-खेलते वे लुका-छिपी के दौरान पुलिया के नीचे पहुंच गए. इसी दौरान उनका संपर्क कटे-फटे बिजली के तार से हो गया. करंट का तेज झटका लगने के कारण दोनों बच्चे संतुलन खो बैठे और पुलिया के नीचे जमा पानी में गिर गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. बाद में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने यादव मोड़ के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया. 

थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि पुलिया के नीचे पानी से दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है. वहीं चौसा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है. 












Post a Comment

0 Comments