घटनाओं की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान हुई. गिरफ्तार मुख्य आरोपित सूरज कुमार गुप्ता पहले भी 10 से अधिक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है.

- पाटलिपुत्र और अहमदाबाद एक्सप्रेस में बैग चोरी की वारदात का खुलासा
- 10 से अधिक मामलों में जेल जा चुका है मुख्य आरोपित, लैपटॉप व मोबाइल समेत सामान बरामद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ट्रेनों में यात्रियों का सामान उड़ाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर लगेज लिफ्टर को आरपीएफ और जीआरपी ने उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है. पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस और अहमदाबाद एक्सप्रेस में हुई बैग चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान हुई. गिरफ्तार मुख्य आरोपित सूरज कुमार गुप्ता पहले भी 10 से अधिक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोने की चेन, ट्रॉली बैग, मोबाइल, लैपटॉप और कार समेत कई सामान बरामद किए हैं.
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12141 पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस तथा 19421 अहमदाबाद एक्सप्रेस में यात्रियों के बैग चोरी होने की शिकायत मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग ले जाते हुए दिखाई दिया.
मुखबिर की सूचना पर फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान सूरज कुमार गुप्ता के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांडे पट्टी स्थित उसके किराए के मकान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान सूरज कुमार गुप्ता और उसके सहयोगी अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सोने की चेन, दो ट्रॉली बैग, दो पिट्ठू बैग, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक कार बरामद की. बरामद सामान के संबंध में दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान हाल की चोरी की घटनाओं से जुड़ा है या अन्य मामलों से भी इसका संबंध है.
गिरफ्तार आरोपितों में सूरज कुमार गुप्ता (22 वर्ष), ग्राम हकीमपुर, थाना इटाढ़ी, जिला बक्सर तथा अक्षय कुमार (21 वर्ष), किला मैदान झोपड़पट्टी, थाना टाउन, जिला बक्सर शामिल हैं.
जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज कुमार गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ टाउन थाना, इंडस्ट्रियल थाना, इटाढ़ी थाना तथा रोहतास जिले के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य मामलों के 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. वह कई बार जेल भी जा चुका है. पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.




.png)








0 Comments