कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना पूरे समाज का नैतिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है.
- -रोटरी क्लब और मानवाधिकार संगठन ने शहीद मोहम्मद असलम को मरणोपरांत “रोटरी वीर सैनिक सम्मान” से किया सम्मानित
- हेल्थ कार्ड और शहीद स्मारक निर्माण की पहल पर हुई चर्चा, परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद मोहम्मद असलम की स्मृतियों को नमन करने के लिए गुरुवार को रोटरी क्लब ऑफ बक्सर एवं मानवाधिकार संगठन का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल केसठ गांव स्थित उनके आवास पहुंचा. इस दौरान शहीद की धर्मपत्नी जुबैदा खातून को शॉल, सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट कर मरणोपरांत “रोटरी वीर सैनिक सम्मान” प्रदान किया गया. कार्यक्रम के दौरान शहीद के बलिदान को याद करते हुए वातावरण भावुक हो उठा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना पूरे समाज का नैतिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है. उन्होंने जुबैदा खातून को नारी शक्ति की मिसाल बताते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने तीन बच्चों का साहसपूर्वक पालन-पोषण कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है.
मुलाकात के दौरान जब शहीद मोहम्मद असलम की यादों का जिक्र हुआ तो जुबैदा खातून भावुक हो गईं और उनकी आंखें नम हो उठीं. इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने उन्हें “अम्मा” कहकर सांत्वना दी और परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया. उपस्थित लोगों ने भी शहीद के अदम्य साहस और देशभक्ति को श्रद्धापूर्वक याद किया.
प्रतिनिधिमंडल ने शहीद परिवार के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने हेतु संबंधित सैनिक संस्थानों और अधिकारियों से संपर्क करने का निर्णय लिया. साथ ही शहीद मोहम्मद असलम की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके नाम पर शहीद स्मारक निर्माण के प्रस्ताव पर भी गंभीर चर्चा की गई.
मौके पर एस. एम. साहिल, राहुल कुमार, मनीष पांडेय, सुहैब अली सहित संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद मोहम्मद असलम के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग का संकल्प दोहराया. यह आयोजन देशभक्ति, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ.






.png)








0 Comments