अजय राय को राष्ट्रीय सम्मान, हिमाचल प्रदेश में बढ़ाया बक्सर का मान ..

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार सह सम्मान समारोह में उन्हें उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया. इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.




                              

  • जल संरक्षण और रक्तदान के लिए डुमरांव के अजय को मिला सम्मान 
  • सोलन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में किया गया सम्मानित
  • उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी, बधाई देने वालों का लगा तांता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जल संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डुमरांव के युवा समाजसेवी अजय राय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार सह सम्मान समारोह में उन्हें उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया. इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

विकास फैमिली क्लब द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से समाज, शिक्षा, पर्यावरण और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. बक्सर जिले से अजय राय एकमात्र युवा थे, जिनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया. जल संरक्षण और रक्तदान के प्रति उनकी वर्षों की प्रतिबद्धता और जनजागरण अभियान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय राय बचपन से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रखते हैं. उन्होंने अपने क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया है, वहीं जरूरतमंदों के लिए रक्तदान को भी एक जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया है. उनकी कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण के कारण क्षेत्र के अनेक युवा उन्हें अपना प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल मानते हैं.

सम्मान समारोह में सोलन के उप समाहर्ता रजिंद्र वर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार प्रसार, डाइट प्रधानाध्यापक गीतांजलि कश्यप, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हरिराम चंदेल तथा बाघ सिंह ने संयुक्त रूप से अजय राय को मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.

सम्मान प्राप्त करने के बाद अजय राय ने आयोजकों और चयन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति के इरादे नेक हों और सोच सकारात्मक हो, तो जीवन की हर चुनौती आसान हो जाती है. सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल सही दिशा दिखाता है, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाकर सफलता के नए द्वार भी खोलता है.

कार्यक्रम में संस्था के सीओ मनोज मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुषमा कुमारी, स्टेट कोऑर्डिनेटर आशा शर्मा, राज्य स्तरीय पुरस्कृत शिक्षिका भागीरथी शर्मा, प्रदीप शर्मा, बबिता सिंह सहित देशभर से आए अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अजय राय की इस उपलब्धि को लेकर डुमरांव सहित पूरे बक्सर जिले में गौरव और उत्साह का माहौल है.













Post a Comment

0 Comments