ट्रेन से पहुंची शराब की खेप, दो महिलाओं की गिरफ्तारी से उठे कई सवाल ..

संयुक्त टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर बक्सर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20802 डाउन की जांच की. ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद चलाए गए अभियान के दौरान दो महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया.




                              

  • बक्सर स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, 30 लीटर शराब बरामद
  • पटना की रहने वाली दोनों महिलाओं को न्यायालय भेजा गया

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार में शराबबंदी लागू होने के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे महिलाओं की मांग और परिवारों की खुशहाली से जुड़ा फैसला बताया था. लेकिन बक्सर रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी के आरोप में दो महिलाओं की गिरफ्तारी ने एक बार फिर इस बात को लेकर चर्चा छेड़ दी है कि आखिर शराबबंदी के बावजूद तस्करी का नेटवर्क कैसे सक्रिय है और इसमें महिलाएं भी कैसे शामिल हो रही हैं.

रविवार को आरपीएफ और जीआरपी बक्सर की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर बक्सर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20802 डाउन की जांच की. ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद चलाए गए अभियान के दौरान दो महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. उनके पास मौजूद बैगों की तलाशी लेने पर कुल 30 लीटर शराब बरामद हुई.

बरामद शराब की अनुमानित कीमत 25,380 रुपये बताई गई है. जांच के बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पटना जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के गोनपुरा निवासी 32 वर्षीय इंदु देवी तथा सिगोरी थाना क्षेत्र के चिकसी निवासी 35 वर्षीय सविता देवी के रूप में हुई है.
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार दोनों महिलाओं के खिलाफ जीआरपी थाना बक्सर में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था.
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी कानून को महिलाओं के हितों और उनकी मांग से जोड़कर लागू किया गया था. ऐसे में महिलाओं की गिरफ्तारी का यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि जांच एजेंसियों का मानना है कि तस्कर अब कानून से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिसके कारण महिलाओं की संलिप्तता वाले मामले भी सामने आ रहे हैं.


कार्रवाई के बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया.












Post a Comment

0 Comments