आंधी-बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, राहत के साथ बढ़ी परेशानी ..

तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले का मिजाज बदल दिया. करीब दो घंटे तक चली बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई. हालांकि राहत के साथ-साथ आंधी और बारिश ने कई क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं. 





                               


  • दो घंटे की मूसलाधार बारिश से गर्मी हुई गायब, कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमराई
  • बाइपास रोड पर पेड़ गिरने से टूटा पोल, दुकानदार ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का लगाया आरोप

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कई दिनों से भीषण गर्मी, उमस और लू की मार झेल रहे लोगों को गुरुवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी. अचानक बदले मौसम के बीच तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले का मिजाज बदल दिया. करीब दो घंटे तक चली बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई. हालांकि राहत के साथ-साथ आंधी और बारिश ने कई क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं.

सुबह तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन प्रभावित रहा. कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि सड़कों पर जलजमाव और पेड़ों की डालियां गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ. पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे लोग गर्मी और उमस से बेहाल थे. बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला. तेज हवाओं के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए. बक्सर शहर के अलावा डुमरांव, सिमरी, इटाढ़ी और ब्रह्मपुर क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. कई जगह तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर में खराबी की सूचना मिली.

इसी दौरान नगर के बाईपास रोड पर एक बड़ा पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गया. स्थानीय दुकानदार अंकित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने तत्काल बिजली कंपनी को दी थी. उनके अनुसार कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, फोटो खींची और वापस लौट गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया. बाद में पेड़ के दबाव से बिजली का पोल टूट गया और उनकी दुकान के बाहर रखी बैटरी पर गिर पड़ा, जिससे बैटरी क्षतिग्रस्त हो गई. अंकित कुमार ने इस पूरे मामले के लिए बिजली कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया.

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे पूरे दिन मौसम सुहावना बना रहा.














Post a Comment

0 Comments