हादसे के बाद बक्सर में शोक की लहर है. सोशल मीडिया पर लोग दोनों युवकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. एक ओर भोजपुरी संगीत जगत ने अपना युवा कलाकार खो दिया, तो दूसरी ओर साहित्य जगत ने एक उभरता हुआ लेखक.

- मार्च में हुई थी राज सिंह की शादी, भोजपुरी एल्बमों से बनाई थी पहचान
- लेखक और साहित्य प्रेमी मुकेश मिश्रा के निधन से भी शोक की लहर, नेपाल से लौटते समय हुआ हादसा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नेपाल भ्रमण से लौट रहे बक्सर के दो घनिष्ठ मित्रों की उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतकों में सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मिश्रा और 27 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह शामिल हैं. सरयू नदी पर बने पुराने पुल पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से दोनों युवकों की जान चली गई. इस घटना ने पूरे बक्सर जिले को झकझोर कर रख दिया है.
मृतक अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह भोजपुरी संगीत जगत का जाना-पहचाना चेहरा थे. उन्होंने कई भोजपुरी एल्बमों में अपनी आवाज दी थी और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी. मार्च 2026 में ही उनकी शादी हुई थी. शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया.
वहीं मुकेश कुमार मिश्र एक उभरते हुए लेखक के रूप में जाने जाते थे. सामाजिक विषयों पर उनकी सक्रियता की चर्चा होती थी. उनके मित्रों के अनुसार मुकेश का स्वभाव बेहद मिलनसार था तथा वे धर्म और अध्यात्म में भी गहरी आस्था रखते थे. उनके असामयिक निधन से साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी शोक व्याप्त है.
जानकारी के अनुसार दोनों मित्र अन्य दो मित्रों के साथ अलग-अलग बाइक पर सवार होकर 5 जून से ही नेपाल भ्रमण के लिए निकले थे. शनिवार रात करीब 11:30 बजे नेपाल से लौटने के दौरान दोहरीघाट के पुराने सरयू पुल पर एक बेकाबू ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर चालक उन्हें रौंदते हुए फरार हो गया.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है.
इस हृदयविदारक हादसे के बाद बक्सर में शोक की लहर है. सोशल मीडिया पर लोग दोनों युवकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. एक ओर भोजपुरी संगीत जगत ने अपना युवा कलाकार खो दिया, तो दूसरी ओर साहित्य जगत ने एक उभरता हुआ लेखक.




.png)








0 Comments