कहा कि लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज का महज 48 घंटे के भीतर ध्वस्त हो जाना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का संकेत है.
- ओवरब्रिज ध्वस्त होने पर रेलयात्री कल्याण समिति का फूटा गुस्सा, अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
- गुमटी नहीं खुली तो जाम आंदोलन की चेतावनी, विद्यार्थियों और आम जनता की परेशानी बना मुद्दा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलयात्री कल्याण समिति की बक्सर शाखा ने इटाढ़ी गुमटी को बंद किए जाने से आम लोगों और विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. समिति ने घोषणा की है कि 11 जुलाई को बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी गुमटी नहीं खोली गई तो इटाढ़ी गुमटी को जाम कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
समिति की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को स्टेशन के समीप स्थित गीतांजलि होटल में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता शाखा महामंत्री सत्येन्द्र नारायण सिंह ने की, जबकि संचालन तौकीर आलम ने किया. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार पटेल तथा केंद्रीय कमेटी के सदस्य रासबिहारी राय विशेष रूप से उपस्थित रहे.
बैठक में रेल प्रशासन द्वारा इटाढ़ी गुमटी को स्थायी रूप से बंद किए जाने के बाद उत्पन्न हालात पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही हाल ही में ओवरब्रिज ध्वस्त होने की घटना पर गहरा आश्चर्य व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज का महज 48 घंटे के भीतर ध्वस्त हो जाना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का संकेत है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक 50 प्रतिशत कमीशनखोरी पर पूरी तरह रोक नहीं लगेगी, तब तक इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी.
शाखा संयोजक वीरेंद्र ओझा ने कहा कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से जनता के पैसे की खुली लूट हुई है. उन्होंने कहा कि एक ओर ओवरब्रिज ध्वस्त हो गया, वहीं दूसरी ओर इटाढ़ी गुमटी पहले ही बंद कर दी गई है, जिससे आम नागरिकों और विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य जनता की समस्या का समाधान कराना है और इसके लिए 11 जुलाई को शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा. यदि इसके बावजूद भी गुमटी नहीं खोली गई तो आंदोलन को और तेज करते हुए इटाढ़ी गुमटी जाम की जाएगी.
बैठक में वैद्य एस.के. पाण्डेय, रासबिहारी राय, मुक्तेश्वर पाण्डेय, वीरेंद्र ओझा, तौकीर आलम, मोहम्मद हाशीम, पंकज कुमार पटेल सहित समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे.





.png)








0 Comments