मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामला सामने आने के बाद इंदिरा नगर थाना पुलिस ने जांच शुरु कर दी है तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
![]() |
| शादी के दौरान ली गई सोनाली की तस्वीर |
- लखनऊ में हुई घटना, पति समेत ससुराल के छह लोगों पर प्राथमिकी
- 15 लाख रुपये नकद और गहने देने के बावजूद चार पहिया वाहन की मांग का आरोप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के खड़हाटांड़ गांव की रहने वाली एक नवविवाहिता की शादी के महज चार महीने बाद लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतका के मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामला सामने आने के बाद इंदिरा नगर थाना पुलिस ने जांच शुरु कर दी है तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतका की पहचान वीरेंद्र ओझा की पुत्री सोनाली के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सोनाली की शादी 26 फरवरी 2026 को भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के पिंजरौली गांव निवासी कमलाकांत मिश्र के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी.
शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद से पति कमलाकांत मिश्र, ससुर शारदानंद मिश्र, सास रमावती देवी, ननद गिरजा चौबे, भसुर लक्ष्मीकांत मिश्र तथा उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी. इसके बावजूद सोनाली अपने वैवाहिक जीवन को बचाने की कोशिश में सब कुछ सहती रही.
15 लाख रुपये और गहने देने के बाद भी नहीं थमी मांग
मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि विवाह के समय 15 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के गहने तथा करीब ढाई लाख रुपये का फर्नीचर दिया गया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार चार पहिया वाहन की मांग कर रहा था और मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देता था.
फोन पर मिली मौत की सूचना, हत्या की जताई आशंका
परिजनों के अनुसार 28 जून को सोनाली अपने पति के पास लखनऊ गई थी. 4 जुलाई की दोपहर उसके पति ने फोन कर बताया कि सोनाली ने आत्महत्या कर ली है. हालांकि मायके वालों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. क्योंकि उसके गले के साथ ही उसके हाथ और पैरों में रस्सी से बांधे जाने के निशान हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरु की कार्रवाई
इंदिरा नगर के प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतका का पति आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत है और इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के मुंशी पुलिया से करीब दो किलोमीटर अंदर मानस एनक्लेव में रहता है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.





.png)








0 Comments