प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, शिवपुरी में मिला शव, दो युवतियां हिरासत में ..

अपनी एक परिचित युवती से मिलने शिवपुरी पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि उनके साथ आए दोस्त कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले आगे चले गए. 

 




                              


- भोजपुर का युवक कॉलेज के काम से आया था बक्सर, देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान.
- प्रेम-प्रसंग समेत हर पहलू पर जांच में जुटी पुलिस, थानाध्यक्ष बोले- पूछताछ के बाद होगा खुलासा.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार ओम पांडे शुक्रवार को कॉलेज के किसी कार्य से बक्सर आए थे. देर शाम वह अपनी एक परिचित युवती से मिलने शिवपुरी पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि उनके साथ आए दोस्त कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले आगे चले गए. कुछ समय बाद उनका शव घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

मामले की सूचना पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडे, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की.

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवक एक लड़की से मिलने के लिए आया था. फिलहाल मामले में दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पूछताछ व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.












Post a Comment

0 Comments