11 जुलाई को पटना में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी, बक्सर कांग्रेस ने किया आह्वान ..

कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 देश के 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का संवैधानिक अधिकार देता है. उन्होंने कहा कि इस कानून ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर खोले हैं.





                              




  • शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर कांग्रेस ने उठाई आवाज
  • पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, सरकार की जवाबदेही तय करने की बात 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : आगामी 11 जुलाई को पटना में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के प्रभावी क्रियान्वयन और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए. जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने शिक्षा को प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार बताते हुए इसे पूरी तरह लागू करने की मांग की.

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 देश के 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का संवैधानिक अधिकार देता है. उन्होंने कहा कि इस कानून ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर खोले हैं. निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

उन्होंने कहा, "शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है. शिक्षा का अधिकार अधिनियम देश के हर बच्चे के भविष्य को सुरक्षित करने वाला ऐतिहासिक कानून है. सरकार की जिम्मेदारी है कि इसका पूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे."

पत्रकार वार्ता के दौरान पंकज उपाध्याय ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने के मामलों पर भी चिंता जताई. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए.

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे सहित जिला कांग्रेस कमिटी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने शिक्षा के अधिकार को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया.













Post a Comment

0 Comments