बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की सचिव सह अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाए.
- न्यायालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक, सभी न्यायिक पदाधिकारी हुए शामिल
- ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी सुनवाई, पक्षकारों से समझौते के जरिए विवाद खत्म करने की अपील
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चेक बाउंस और वित्तीय लेनदेन से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए 18 जुलाई को व्यवहार न्यायालय, बक्सर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इसकी सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने भाग लिया.
बैठक का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली के निर्देश तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA) के तत्वावधान में किया गया. बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की सचिव सह अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाए, ताकि पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सके.
उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के अंतर्गत आने वाले चेक बाउंस और अन्य वित्तीय लेनदेन संबंधी मामलों का त्वरित एवं सरल निपटारा करना है. इससे लंबे समय से लंबित मामलों में शामिल पक्षकारों को राहत मिलेगी और न्यायालयों का भार भी कम होगा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस बार मामलों का निष्पादन वर्चुअल (ऑनलाइन) और फिजिकल (ऑफलाइन) दोनों माध्यमों से किया जाएगा, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले पक्षकार भी बिना किसी परेशानी के अपने मामलों का निस्तारण करा सकें.
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक पक्षकार व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 06183-299925 तथा ईमेल dlsa.buxar2026@gmail.com के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.





.png)








0 Comments