करीब 250 पूर्व सैनिकों को संगठन का आधिकारिक सदस्यता कार्ड वितरित किया गया और पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार का संकल्प लिया गया.
- स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर बनी रणनीति, पूर्व सैनिकों के हितों की सुरक्षा पर हुआ मंथन
- संस्थापक सदस्य श्याम बिहारी कुशवाहा को श्रद्धांजलि, राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ की जिला इकाई बक्सर की मासिक बैठक रविवार को अहिरौली स्थित फोर सीजन मैरिज हॉल में उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. इस दौरान करीब 250 पूर्व सैनिकों को संगठन का आधिकारिक सदस्यता कार्ड वितरित किया गया और पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार का संकल्प लिया गया. साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरे जिले में धूमधाम से मनाने की रणनीति भी तैयार की गई.
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन नायब सूबेदार अवध कुमार यादव ने किया. शुरुआत में पिछले माह के कार्यों की समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.
डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए. उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से सैन्य एवं नागरिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने तथा उनके बारे में अपने परिजनों को पूरी जानकारी देने की अपील की, ताकि भविष्य में पेंशन और अन्य सरकारी सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने डुमरांव अनुमंडल सैनिक संघ की हालिया बैठक में पारित प्रस्तावों से भी जिला इकाई को अवगत कराया.
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले का उल्लेख करते हुए संगठन का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का संगठन इस मामले में सबसे पहले बिलौटी गांव पहुंचा था और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी. उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा तथा संगठन का विस्तार जिले की प्रत्येक पंचायत तक किया जाएगा.
बैठक को डायरेक्टर पेंशन राजबली सिंह, निदेशक जेपी सिंह, जिला सलाहकार राजेंद्र प्रसाद सिंह और कामता ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया. सभी वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता, पूर्व सैनिकों के कल्याण और सामाजिक भागीदारी पर अपने विचार रखे.
कार्यक्रम के दौरान संगठन के संस्थापक सदस्य रहे स्वर्गीय श्याम बिहारी कुशवाहा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया. उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. बैठक में कैशियर रमेश सिंह, विपिन सिंह, शिवजी ठाकुर, वारंट ऑफिसर सुभाष मिश्रा, मोहन यादव, ललन तिवारी, रमाकांत सिंह, सूबेदार अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे. अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और जलपान के साथ बैठक का समापन हुआ.





.png)








0 Comments