- बढ़ती मांग को देखते हुए आधार सेवाओं का विस्तार, नामांकन से लेकर बायोमेट्रिक अपडेट तक सभी सुविधाएं उपलब्ध
- भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 से युवाओं को स्वरोजगार का अवसर, 7 से 30 प्रतिशत तक कमीशन का लाभ
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भारतीय डाक विभाग ने "डाक सेवा जन सेवा" के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए बक्सर के प्रधान डाकघर में नागरिकों की सुविधा के लिए दूसरा आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया है. इसके साथ ही स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया गया है. इस पहल से आधार संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को राहत मिलेगी, वहीं नौकरीपेशा, व्यवसायी और दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों को भी अधिक समय तक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा.
डाक अधीक्षक, बक्सर प्रमंडल कुमारी सरिता ने बताया कि प्रधान डाकघर में पहले से संचालित आधार सेवा केंद्र पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आधार नामांकन एवं अपडेट संबंधी सेवाओं का लाभ ले रहे थे. लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए एक अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है. यहां नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल तथा बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने बताया कि भविष्य में बक्सर प्रमंडल के अन्य डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया गया है. इससे विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को काफी सुविधा मिलेगी.
कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग की भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 शिक्षित बेरोजगार युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार का बेहतरीन अवसर है. इस योजना के तहत इच्छुक लोग स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक की बुकिंग एवं डिलीवरी सेवाओं से जुड़कर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं. विभाग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार फ्रेंचाइजी धारकों को 7 से 30 प्रतिशत तक आकर्षक कमीशन भी दिया जाता है.
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग अब केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधार, बैंकिंग, बीमा, पार्सल और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचा रहा है. विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने लोगों से डाकघरों में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.





.png)








0 Comments