दिनभर हुई मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी. सुबह से देर रात तक हजारों श्रद्धालु मां बुढ़िया काली के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और मंगलकामना करते रहे. पूरे दिन मंदिर परिसर "जय मां काली, बक्सर नगर वाली" के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
- - मूसलाधार बारिश के बावजूद देर रात तक दर्शन-पूजन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु
- - छप्पन भोग, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के बाईपास रोड स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बुढ़िया काली माई मंदिर में सोमवार को वार्षिक पंचित पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई. दिनभर हुई मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी. सुबह से देर रात तक हजारों श्रद्धालु मां बुढ़िया काली के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और मंगलकामना करते रहे. पूरे दिन मंदिर परिसर "जय मां काली, बक्सर नगर वाली" के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने व्यापक व्यवस्था की थी. प्रातः चार बजे से ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन, सुरक्षा और पूजा व्यवस्था के लिए समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक पूरे दिन सक्रिय रहे. माइक के माध्यम से लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश और सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की जाती रहीं.
समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय, सचिव शिवकुमार खेमका, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सर्राफ तथा सुरक्षा सहायक बसंत कुमार के नेतृत्व में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई, जबकि गर्भगृह में महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए महिला स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रही. महिला एवं पुरुष पुलिस बल भी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहा.
दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ माता की वार्षिक पंचित पूजा संपन्न कराई गई. श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, शर्बत, विशाल वाटरप्रूफ टेंट तथा निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था की गई थी. पूजा के बाद भक्तों के बीच चना-गुड़, पूड़ी और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया. श्रद्धालुओं ने मां बुढ़िया काली के साथ भैरव बाबा, घरबसवनी माता और निमिया माई की भी विधिवत पूजा-अर्चना कर पूड़ी, चना, गुड़, बतासा एवं नारियल अर्पित किया.
रात्रि 8:30 बजे छप्पन भोग अर्पित करने के बाद माता की भव्य एवं दिव्य महाआरती के साथ वार्षिक पंचित पूजा का समापन हुआ. मंदिर प्रबंधन समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मां बुढ़िया काली से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की.
इस अवसर पर समिति के सदस्य बिहारी केशरी, लालजी वर्मा, मुन्ना केशरी, पहाड़ी वर्मा, दीपक जायसवाल, विनोद वर्मा, दीपक केशरी, बिट्टू केशरी, संदीप वर्मा, आदित्य कुमार, विंदा वर्मा, अनिल पटवा, गद्दी वर्मा, पारुल वर्मा, मनोज कुमार, सुनील गुप्ता, विनय वर्मा, संजय चौधरी, आकाश वर्मा, प्रमोद वर्मा, राजकपूर वर्मा, अनुप वर्मा, रामजी अग्रवाल, सरोज वर्मा, दीपक वर्मा, बड़े वर्मा, काशी जायसवाल, सुमित वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.





.png)








0 Comments