कहा कि गुमटी बंद होने से सैकड़ों गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं. मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को रोज घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है.
- जनहित के मुद्दों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठने की अपील, 4 जुलाई के प्रस्तावित आंदोलन का किया समर्थन.
- वामन भगवान मंदिर को जेल परिसर से मुक्त कराने पर सभी जनप्रतिनिधियों और संघर्ष से जुड़े लोगों को दी बधाई.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे गुमटी बंद रहने से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के विभाग संयोजक अविनाश पांडे ने जनप्रतिनिधियों, रेलवे और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस 4 जुलाई को बक्सर के जनहित में आंदोलन करती है तो एबीवीपी उसका समर्थन करेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि अच्छी योजनाओं का श्रेय लेने की होड़ तो दिखती है, लेकिन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वही तत्परता नजर नहीं आती.
अविनाश पांडे ने वामन भगवान मंदिर को केंद्रीय कारा परिसर से मुक्त कराने के फैसले पर सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और संघर्ष में शामिल लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले के लिए खुशी का विषय है, लेकिन इसके साथ ही इटाढ़ी रेलवे गुमटी की समस्या भी उतनी ही गंभीर है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि गुमटी बंद होने से सैकड़ों गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं. मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को रोज घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में आने-जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. हाल में हुई ट्रक दुर्घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वहां किसी स्कूल वाहन के साथ हादसा हो जाता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता.
एबीवीपी नेता ने कहा कि इस मामले में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों सभी की जवाबदेही तय होनी चाहिए. लोकतंत्र का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, न कि विभागों के बीच जिम्मेदारी टालना. उन्होंने कहा कि जनता लगातार परेशान हो रही है, जबकि जिम्मेदार पक्ष एक-दूसरे पर दोष मढ़ने में लगे हैं.
कांग्रेस द्वारा 4 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन पर उन्होंने कहा कि यदि यह आंदोलन बक्सर के हित में है तो इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के हित से जुड़े हर प्रयास का समर्थन होना चाहिए और जरूरत पड़ने पर छात्र संगठन भी ऐसे मुद्दों पर साथ खड़े होंगे.
अंत में अविनाश पांडे ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी की समस्या पूरे बक्सर जिले के हजारों लोगों की परेशानी बन चुकी है. ऐसे में संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना जाम और परेशानी से राहत मिल सके.
वीडियो :





.png)








0 Comments