बताया कि 5 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में वरुण मिश्रा अपने भाइयों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है.

- आपराधिक घटना की साजिश की सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
- मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए जुटाए गए थे हथियार, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपित फरार हो गए. इस संबंध में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया.
एसडीपीओ ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में वरुण मिश्रा अपने भाइयों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना में यह भी बताया गया था कि उनके पास अवैध हथियार मौजूद हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान एक आरोपित फरार
गठित टीम ने शिवपुरी स्थित वरुण मिश्रा के घर पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसकी पहचान वरुण मिश्रा के रूप में हुई. वहीं घर के अंदर शिवानंद मिश्रा और प्रिंस मिश्रा मौजूद मिले. इसके बाद पुलिस ने घर की विधिवत तलाशी ली.
तलाशी में मिले हथियार और कारतूस
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए. बरामद हथियारों के संबंध में पूछताछ करने पर गिरफ्तार शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व बबली दूबे के एक साथी के साथ हुई मारपीट में प्रिंस मिश्रा की हड्डी टूट गई थी. उसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से हथियार जुटाए गए थे.
एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा, पिता श्याम सुंदर मिश्रा, निवासी शिवपुरी, थाना नगर, जिला बक्सर को गिरफ्तार कर लिया है. उसके विरुद्ध नगर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं फरार वरुण मिश्रा सहित अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुड्डी कुमारी, डीआईयू टीम तथा नगर थाना की सशस्त्र पुलिस बल शामिल रही. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.




.png)








0 Comments