महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 : बिहार में आयोजन, बक्सर भी बनेगा गौरव यात्रा का गवाह

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का जश्न मनाने और राज्यभर में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 19 अक्टूबर 2024 से 11 नवंबर 2024 तक 'ट्रॉफी गौरव यात्रा' का आयोजन किया जा रहा है.












- राजगीर में 11 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित
- भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें लेंगी हिस्सा 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : राजगीर में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट बिहार के राजगीर में 11 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है. इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी. यह टूर्नामेंट नव विकसित राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा.


इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का जश्न मनाने और राज्यभर में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 19 अक्टूबर 2024 से 11 नवंबर 2024 तक 'ट्रॉफी गौरव यात्रा' का आयोजन किया जा रहा है. इस यात्रा के अंतर्गत बिहार के सभी 38 जिलों में ट्रॉफी को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें बक्सर भी शामिल है. बक्सर में ट्रॉफी गौरव यात्रा का कार्यक्रम 20 अक्टूबर 2024 को दोपहर 1:00 बजे किला मैदान, बक्सर में निर्धारित किया गया है. इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनता को टूर्नामेंट से जोड़ने और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.

मुख्यमंत्री की पहल और राज्य की भागीदारी :

14 अक्टूबर 2024 को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्रॉफी गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसका उद्देश्य न केवल राज्य के लोगों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाना है, बल्कि खासकर युवाओं और महिलाओं को हॉकी जैसे खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है. ट्रॉफी गौरव यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में ट्रॉफी की प्रदर्शनी होगी, जिसमें स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी अवसर मिलेगा.

बक्सर में आयोजन का महत्व :

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कंचन देवी ने कहा कि बक्सर जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शहर में ट्रॉफी गौरव यात्रा का आगमन इस कार्यक्रम को और भी विशेष बना देता है. बक्सर के लोग इस आयोजन के माध्यम से हॉकी के खेल को नजदीक से देख पाएंगे और इसका हिस्सा बनेंगे. यह आयोजन राज्य के छोटे शहरों और गांवों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है.

खेलों के विकास के साथ ही छोटे शहरों को भी जोड़ने की पहल :

राज्य के गौरव का प्रतीक राजगीर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से न केवल बिहार में खेलों का विकास होगा, बल्कि इससे बक्सर जैसे शहरों में भी खेलों के प्रति जागरूकता और भागीदारी बढ़ेगी.








Post a Comment

0 Comments