गुरुवार को जब यह ट्रक वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंचा, तो टीम ने इसे रोककर गहन तलाशी ली. खोजबीन में बने हुए गुप्त खांचे से 699 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 6165 लीटर बताई गई है. जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है.

- वीर कुंवर सिंह सेतु पर तस्करी का बड़ा भंडाफोड़
- उत्पाद विभाग की कड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : यूरिया खाद की आड़ में शराब तस्करी की बड़ी साजिश को उत्पाद विभाग ने गुरुवार को नाकाम कर दिया. उत्तर प्रदेश–बिहार सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु पर जांच के दौरान एक 16 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. ट्रक ऊपर से यूरिया खाद से पूरी तरह भरा हुआ दिख रहा था, लेकिन उत्पाद टीम की बारीक जांच में इसका असली रहस्य उजागर हो गया. ट्रक के बीचो-बीच लोहे का एक बड़ा गुप्त बॉक्स बनाया गया था, जिसमें शराब की पेटियां छुपाकर रखी गई थीं.
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि यह वाहन पिछले 20 दिनों से विभाग की निगरानी में था. लगातार सूचना मिल रही थी कि इसी ट्रक से पंजाब से शराब लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जा रही है. इसी आधार पर चेक पोस्ट पर जांच को और कड़ा कर दिया गया था. गुरुवार को जब यह ट्रक वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंचा, तो टीम ने इसे रोककर गहन तलाशी ली. खोजबीन में बने हुए गुप्त खांचे से 699 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 6165 लीटर बताई गई है. जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है.
कार्रवाई के दौरान टीम ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवकों की पहचान संदीप (23 वर्ष), पिता संदीप ऊडा, निवासी मतलोडा, जिला पानीपत तथा मोहित (26 वर्ष), पिता कर्मवीर, निवासी नयावास, जिला रोहतक के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पंजाब से शराब लादकर छपरा में सप्लाई करने जा रहे थे. विभाग ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
नीचे यूरिया खाद और ऊपर सामान्य लोडिंग दिखाकर भीतर गुप्त रूप से शराब की इतनी बड़ी मात्रा छिपाए जाने की जानकारी जब स्थानीय लोगों तक पहुंची, तो वीर कुंवर सिंह सेतु पर लोगों की भीड़ लग गई. लोग तस्करों की यह चाल देखकर आश्चर्यचकित नजर आए.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग को और सख्त किया जाएगा. विभाग का कहना है कि आधुनिक तकनीकों और नई तरकीबों का इस्तेमाल करके तस्कर लगातार शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन टीम हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है.




.png)
.gif)







0 Comments