सिमरी में आइटीआई स्थापना की मांग तेज, दियारांचल के युवाओं के भविष्य को संवारने की पहल ..

भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित पहल की मांग की है. उन्होंने कहा कि आईटीआई खुलने से दियारा क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिल सकेगी. 





                                         




  • भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने श्रम संसाधन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
  • सरकारी व निजी भूमि उपलब्ध. जल्द निर्णय की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सिमरी प्रखंड में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना की मांग एक बार फिर तेजी से उठने लगी है. क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के अभाव और युवाओं के भविष्य को देखते हुए भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित पहल की मांग की है. उन्होंने कहा कि आईटीआई खुलने से दियारा क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिल सकेगी.

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पटना सर्किल दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य विजय कुमार मिश्र ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सिमरी प्रखंड बक्सर जिले का सबसे बड़ा क्षेत्र होने के बावजूद आज भी विकास की मुख्यधारा से काफी दूर है. दियारा क्षेत्र होने के कारण यहां तकनीकी शिक्षा की सुविधा पूरी तरह नदारद है. न सरकारी और न ही निजी स्तर पर कोई तकनीकी संस्थान मौजूद होने से छात्र-छात्राओं को उच्च व व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. तकनीकी शिक्षा की कमी सीधे युवाओं के करियर और रोजगार के अवसरों को प्रभावित कर रही है.

विजय कुमार मिश्र ने बताया कि राजापुर उच्च विद्यालय, अर्जुनपुर स्थित खेल मैदान के पास आईटीआई के निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है. इसके अलावा कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जरूरत पड़ने पर निजी भूमि उपलब्ध कराने की इच्छा जताई है. इससे स्पष्ट है कि स्थानीय स्तर पर संस्थान की स्थापना को लेकर उत्साह और सहयोग की पूरी भावना मौजूद है.

उन्होंने श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर से आग्रह किया है कि सिमरी में आईटीआई की स्थापना को जनहित में प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि आईटीआई खुलने से जहां युवाओं को तकनीकी शिक्षा मिलेगी, वहीं पूरा दियारांचल विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा. यह कदम क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा.













Post a Comment

0 Comments