बक्सर पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की इस मंशा पर करारा प्रहार किया है. औद्योगिक थाना पुलिस ने वीर कुंवर सिंह सेतु के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक को बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है.
- वीर कुंवर सिंह सेतु के पास सघन जांच में औद्योगिक थाना पुलिस को बड़ी सफलता
- ट्रक चालक गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध, तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सूबे में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए वर्ष से पहले अवैध शराब की बड़ी खेप खपाने की कोशिश में लगे हुए हैं. हालांकि, बक्सर पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की इस मंशा पर करारा प्रहार किया है. औद्योगिक थाना पुलिस ने वीर कुंवर सिंह सेतु के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक को बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है.
पुलिस ने एक ट्रक से आलू के बोरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही कुल 5,256 लीटर अवैध शराब बरामद की है. बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है. यह शराब हरियाणा के करनाल से बिहार के दरभंगा ले जाई जा रही थी.
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आलू लदे एक ट्रक में शराब की बड़ी खेप छिपाकर तस्करी की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने वीर कुंवर सिंह सेतु के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक आता हुआ दिखाई दिया. पहली नजर में ट्रक में केवल आलू लदे होने का आभास हुआ, लेकिन जब उसे औद्योगिक थाना क्षेत्र में ले जाकर विधिवत तलाशी ली गई तो बड़ा खुलासा हुआ.
तलाशी के दौरान आलू के बोरों को हटाने पर नीचे भारी मात्रा में शराब छिपी हुई पाई गई. मौके से पुलिस ने ट्रक चालक देवराज राम, निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, एक अन्य विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है. दोनों से औद्योगिक थाना में पूछताछ की जा रही है.
इस कार्रवाई के बाद पुलिस शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी में जुट गई है. माना जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे संगठित गिरोह सक्रिय है.
मामले की जानकारी देते हुए औद्योगिक थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब किन-किन रास्तों से खपाई जानी थी. जल्द ही इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.





.png)
.gif)







0 Comments