नगर के कई मोहल्लों को मिलेगी जलजमाव से राहत, जिम्मेदार लोगों ने की बैठक ..

गौरी शंकर मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने की. बैठक की पहली ही चर्चा में यह स्पष्ट कर दिया गया कि लगातार बढ़ती जलनिकासी समस्या पर अब ठोस कार्रवाई जरूरी है.





                                         



बक्सर नगर में जलजमाव से राहत की तैयारी तेज
नाले का चौड़ीकरण और मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर :  बरसात के दौरान सोहनी पट्टी, दर्जी मोहल्ला, बारी टोला और आसपास के इलाकों में होने वाली जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने अब गंभीर पहल शुरू कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को गौरी शंकर मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने की. बैठक की पहली ही चर्चा में यह स्पष्ट कर दिया गया कि लगातार बढ़ती जलनिकासी समस्या पर अब ठोस कार्रवाई जरूरी है.

बैठक में निर्णय लिया गया कि गौरी शंकर मंदिर प्रांगण से वरिष्ठ अधिवक्ता नंद गोपाल की गली होते हुए नमक गोला रोड तक नाले का चौड़ीकरण कराया जाएगा. इसके लिए बीच के पूरे रास्ते में पड़ने वाली भूमि की जल्द नापी कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्य के प्रारंभ में किसी प्रकार का अवरोध न आए और निर्माण समय पर शुरू हो सके.

अधिकारियों ने बताया कि नाले के निर्माण और चौड़ीकरण के बाद इस क्षेत्र का पानी तेजी से ताड़का नाला में बह सकेगा, जिससे वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी. बरसात में दर्जनों घरों और दुकानों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए भी लोग इस निर्णय को लेकर संतोष जता रहे हैं.

इसके साथ ही बैठक में गौरी शंकर मंदिर परिसर स्थित सरोवर का बाउंड्रीवाल निर्माण तथा समग्र सौंदर्यीकरण कार्य भी शीघ्र शुरू कराने पर सहमति बनी. संबंधित विभागों को नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया.

बैठक में स्थाई सशक्त समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, वार्ड पार्षद हैदर अली, पूर्व वार्ड पार्षद राजेश यादव के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने नगर परिषद के इस कदम को सराहते हुए कहा कि इसके पूरा होते ही न सिर्फ जलजमाव की समस्या दूर होगी बल्कि मंदिर परिसर का सौंदर्य भी बढ़ेगा.











Post a Comment

0 Comments