उन्होंने संसद में बक्सर स्टेशन निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा सवाल खड़ा किया, वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जिले की प्रमुख सड़कों की दयनीय स्थिति और आवश्यक परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा.
- 50 बेड वाले फील्ड हॉस्पिटल को रोज चालू करने की मांग. स्वास्थ्य अव्यवस्था पर सरकार से जवाब तलब
- अमृत भारत स्टेशन योजना में देरी पर लोकसभा में तीखा सवाल. सड़क परियोजनाओं पर नितिन गडकरी से विशेष मुलाकात
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : सांसद सुधाकर सिंह ने आज स्वास्थ्य, रेलवे और सड़क–यातायात से जुड़ी कई अहम समस्याओं को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया है. उन्होंने संसद में बक्सर स्टेशन निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा सवाल खड़ा किया, वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जिले की प्रमुख सड़कों की दयनीय स्थिति और आवश्यक परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा. साथ ही उन्होंने पुराने सदर अस्पताल परिसर में बने 50 बेड वाले आधुनिक फील्ड हॉस्पिटल को सामान्य दिनों में भी चालू रखने की मांग की है.
सांसद ने कहा कि इमरजेंसी कोविड रिस्पॉन्स पैकेज (ECRP) के तहत लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया यह अत्याधुनिक अस्पताल सामान्य दिनों में बंद रखना संसाधनों की बर्बादी है. उन्होंने बताया कि बक्सर जैसा जिला जहां स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से ही सीमित हैं, वहां यह अस्पताल एक्सीडेंट केस, गंभीर मरीजों और मातृ-शिशु देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इसे पूरे वर्ष संचालित किया जाए ताकि जनता को निरंतर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके.
सांसद सुधाकर सिंह ने लोकसभा में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बक्सर स्टेशन के निर्माण में हो रही देरी पर भी सख्त आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि घोषणा के वर्षों बाद भी स्टेशन पर शौचालय, साफ-सफाई, प्रतीक्षालय और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बक्सर इतिहास, आस्था और संस्कृति से परिपूर्ण क्षेत्र है और उपेक्षा नहीं बल्कि त्वरित विकास का हकदार है.
इसके बाद सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बक्सर शहर के गोलंबर की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया. उन्होंने दलसागर के पास बाईपास निर्माण, गंगा नदी पर नए पुल, ईस्टर्न एक्सप्रेसवे से नए अलाइनमेंट, और चौसा से वाराणसी तक 4 लेन सड़क निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया. साथ ही NH-922 पर चुरामनपुर, धरहरा और अहिरौली में फुट ओवरब्रिज निर्माण, आरा–मोहानियां 4 लेन सड़क की मरम्मत, पंजऱाव के पास बन रहे पुल की ऊंचाई पुराने पुल के बराबर रखने और दिनारा के समीप ब्लैक स्पॉट पर ओवरब्रिज बनाने की मांग भी की.
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों की लड़ाई उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों को सदन और मंत्रालयों में मजबूती से उठाते रहेंगे.
वीडियो :





.png)
.gif)







0 Comments