कहा कि बक्सर जिले के समग्र विकास के लिए टीम भावना के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की. 





                                         


  • समाहरणालय सभाकक्ष में हुआ गरिमामय स्वागत समारोह, जिलेभर के अधिकारी रहे उपस्थित
  • टीम वर्क पर दिया जोर, जिले के समग्र विकास के लिए अधिकारियों से मांगा सहयोग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के प्रशासनिक नेतृत्व को नई ऊर्जा मिली है. मंगलवार को 2018 बैच की तेजस्वी IAS अधिकारी सहिला ने बक्सर की नई जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया. उन्होंने यह जिम्मेदारी पूर्व जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह से प्राप्त की. कार्यभार ग्रहण होते ही समाहरणालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया, जहां नए प्रशासनिक अध्याय की शुरुआत को लेकर जिलास्तरीय अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया.

कार्यभार ग्रहण के बाद समाहरणालय सभागार में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में जिलाधिकारी सहिला का सम्मान किया गया. कार्यक्रम का संचालन EDC आलमा मुख्तार ने किया. समारोह में एडीएम बक्सर, एसडीएम बक्सर, एसडीएम डुमरांव, सभी जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों ने नई जिलाधिकारी का अभिनंदन करते हुए जिले के बेहतर प्रशासनिक भविष्य की उम्मीद जताई.

समारोह के दौरान जिलाधिकारी सहिला ने संबोधित करते हुए कहा कि बक्सर जिले के समग्र विकास के लिए टीम भावना के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सुशासन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समन्वय को बेहतर बनाना आवश्यक है और इसमें सभी की सहभागिता अहम होगी.

नव–जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाना, जनसुनवाई को प्रभावी बनाना और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख दिशाएं होंगी. उन्होंने जिले की जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन जनता के साथ मिलकर ही मजबूत बनता है.

गरिमामय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न यह समारोह जिले में नई प्रशासनिक ऊर्जा के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. बक्सर के विकास को नई रफ्तार देने की उम्मीद के साथ नई जिलाधिकारी ने अपने कार्यकाल की शुरुआत की.