एसपी ने नगर थाना का निरीक्षण किया, जनता दरबार में सुनी शिकायतें, अभया ब्रिगेड गठन के दिए निर्देश ..

निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए अभया ब्रिगेड के गठन का आदेश भी दिया. तीनों महत्वपूर्ण पहल—नगर थाना निरीक्षण, जनता दरबार और अभया ब्रिगेड—शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं.

 




                                         



- गार्ड ऑफ ऑनर के साथ थाना परिसर पहुंचे एसपी, लंबित कांडों की समीक्षा
- महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अभया ब्रिगेड होगी गठित

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : शुक्रवार को एसपी शुभम आर्य ने नगर थाना बक्सर का निरीक्षण किया. इससे पूर्व उन्होंने लगभग एक घंटे तक जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. वहीं निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए अभया ब्रिगेड के गठन का आदेश भी दिया. तीनों महत्वपूर्ण पहल—नगर थाना निरीक्षण, जनता दरबार और अभया ब्रिगेड—शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं.

निरीक्षण के लिए थाना परिसर पहुंचने पर एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. एसपी के आगमन की सूचना पूर्व से होने के कारण थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने परिसर में खड़ी खाली और पुरानी गाड़ियों को परदे से ढकवा कर व्यवस्थित परिवेश सुनिश्चित कराया. इसके बाद एसपी ने विभिन्न कांडों के अनुसंधान की प्रगति का जायजा लिया और लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की.

एसपी शुभम आर्य ने केस डायरी, रजिस्टरों और अभिलेखों की बारीकी से जांच की तथा अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने साफ कहा कि गंभीर मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन कार्रवाई सुनिश्चित हो. उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की सुरक्षा व विश्वास बनाए रखना पुलिस प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है, इसलिए हर शिकायत पर संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है.

महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए एसपी ने नगर थाना अध्यक्ष को जल्द से जल्द अभया ब्रिगेड के गठन का निर्देश दिया. इस विशेष टीम का नेतृत्व एक महिला सब-इंस्पेक्टर करेंगी. यह ब्रिगेड स्कूल, कॉलेज, विभिन्न कोचिंग संस्थानों और प्रमुख बाजारों में नियमित रूप से भ्रमण कर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.

एसपी शुभम आर्य ने कहा कि अभया ब्रिगेड के गठन से न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि शहर में एक सुरक्षित माहौल स्थापित करने में पुलिस की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी.










Post a Comment

0 Comments