मंझरिया गांव डाकघर में डाक चौपाल: ग्रामीणों को मिली बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सेवाओं की पूरी जानकारी ..

इस आयोजन में ग्रामीणों को डाकघर की बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही कई सुविधाओं का लाभ उठाने का अवसर मिला. 






                                         




  • डाकघर अब सिर्फ चिट्ठियों का नहीं, ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों का केंद्र
  • आधार नामांकन से बैंक खाते और KYC अपडेट तक, ग्रामीणों ने उठाया पूरा लाभ

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ग्रामीणों तक भारतीय डाक विभाग की योजनाओं और सेवाओं को सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से बक्सर डाक प्रमंडल ने मंझरिया गांव की शाखा डाकघर में डाक चौपाल का आयोजन किया. इस आयोजन में ग्रामीणों को डाकघर की बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही कई सुविधाओं का लाभ उठाने का अवसर मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम की सफलता को और बढ़ाया.

डाक चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को डाकघर की आधुनिक सुविधाओं से परिचित कराना और उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए डाकघर से जोड़ना रहा. ग्रामीणों ने चौपाल के दौरान योजनाओं की जानकारी ली और मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ लिया.

बक्सर प्रमंडल की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि बिहार सर्किल के निर्देश पर पूरे प्रमंडल में इस तरह के डाक चौपाल आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज डाकघर केवल चिट्ठियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, डिजिटल सेवाओं और पहचान से जुड़ी सुविधाओं का केंद्र बन चुका है. उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना को बेटियों के भविष्य के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि जन्म से 10 वर्ष तक की बच्चियों के नाम से खाता खोलकर उनकी पढ़ाई और विवाह के लिए सुरक्षित बचत की जा सकती है.

कुमारी सरिता ने डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा को कम प्रीमियम और बेहतर बोनस वाली योजना बताते हुए ग्रामीणों से इसका लाभ लेने का आग्रह किया. उन्होंने यह भी बताया कि अब डाकघर में आधार कार्ड बनवाना, आधार में मोबाइल नंबर लिंक करना और पासपोर्ट सेवा जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं. साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है.

डाक चौपाल में कुल 26 बच्चों का आधार नामांकन किया गया, 17 लोगों के आधार में मोबाइल नंबर लिंक किए गए. इसके अलावा 1010 पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक (POSB) खाते खोले गए, 22 इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) खाते खोले गए तथा 24 खातों का KYC अपडेट किया गया.

कार्यक्रम में बक्सर प्रमंडल की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता, बक्सर केंद्रीय अनुमंडल के सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार, डाक निरीक्षक उदय प्रकाश, शशांक कुमार, मंझरिया गांव शाखा डाकपाल वीरेंद्र उपाध्याय, शाखा डाकपाल बरमेश्वर राय, शाखा डाकपाल पंचदेव मिश्रा, चुरामनपुर उप डाकघर के ग्रामीण डाक सेवक और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे.








Post a Comment

0 Comments