धुंध बनी हादसे की वजह, डंपर–ऑटो की भिड़ंत में छह लोग घायल ..

हादसे में ऑटो सवार महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहगीरों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.






                                         


  • महादेवा घाट के पास तेज रफ्तार ने तोड़ा सफर का सुकून
  • पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज सिंह ने घायलों को पहुंचाया सदर अस्पताल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अचानक बदले मौसम और सड़क पर छाई धुंध ने शुक्रवार को बड़ा हादसा करा दिया. बक्सर–चौसा मार्ग पर महादेवा घाट के समीप तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो सवार महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहगीरों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौसा निवासी गिरिजा चौधरी के पुत्र संजय चौधरी अपनी मां जिरिया देवी और पवन चौधरी के साथ टेम्पो से सब्जी मंडी जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में सलीम राइन, हलीम राइन और बुटु चौधरी भी बक्सर आने के लिए ऑटो में सवार हो गए. ऑटो जैसे ही महादेवा घाट से आगे भैया–बहिनी नारा के पास पहुंचा, सामने से आ रहे डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पर सवार सभी लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसा देख आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायलों की स्थिति को देखते हुए तत्काल उन्हें सदर अस्पताल पहुंचवाने की व्यवस्था कराई. वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और डंपर व टेम्पो दोनों को अपने कब्जे में ले लिया.

बताया जा रहा है कि अचानक मौसम में बदलाव के कारण सड़क पर धुंध छा गई थी, जिससे दृश्यता कम हो गई और यह दुर्घटना हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.








Post a Comment

0 Comments