कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा और आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएंगी. परियोजना के पूरा होने के बाद बक्सर रेलवे स्टेशन एक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी.
भेजा गया डीपीआर, स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शुरु होगा निर्माण
नई स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म विस्तार और आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा अब जल्द समाप्त होने वाली है. अमृत भारत योजना के तहत बक्सर रेलवे स्टेशन का 130 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाना है, जबकि इस योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों का क्रियान्वयन गति शक्ति योजना के माध्यम से कराया जाएगा. इसके लिए रेलवे को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भेज दी गई है. रेलवे सूत्रों के अनुसार डीपीआर को स्वीकृति मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा.
पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन परिसर में नई और आधुनिक स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा. वर्तमान में स्टेशन की संरचना और सुविधाएं बढ़ती यात्री संख्या के अनुरूप नहीं हैं, जिसे देखते हुए इस योजना को तैयार किया गया है. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म का विस्तार भी इसी परियोजना का अहम हिस्सा है, जिससे ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों के आवागमन में सहूलियत मिलेगी.
यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पुनर्विकास योजना में कई आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं. स्टेशन पर डिजिटल सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सटीक और समय पर जानकारी मिल सकेगी. इसके अलावा साफ-सुथरी सार्वजनिक सुविधाएं, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालयों का उन्नयन तथा लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यवस्था भी प्रस्तावित है. इससे बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सुविधा मिलेगी.
बक्सर रेलवे स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों में गिना जाता है. हाल के दिनों में यहां कई नई ट्रेनों का ठहराव शुरू हुआ है, जिससे यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बलिया और गाजीपुर जाने वाले यात्रियों की बड़ी संख्या प्रतिदिन बक्सर रेलवे स्टेशन का उपयोग करती है. ऐसे में यह स्टेशन सिर्फ बक्सर जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी एक प्रमुख रेल केंद्र बन चुका है.
उल्लेखनीय है कि बक्सर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए पहले अमृत भारत योजना के तहत करीब 400 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित की गई थी. बाद में तकनीकी और प्रशासनिक समीक्षा के बाद परियोजना के स्वरूप में बदलाव करते हुए इसकी लागत घटाकर 123 करोड़ रुपये कर दी गई. अब इस योजना को गति शक्ति के माध्यम से धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा और आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएंगी. परियोजना के पूरा होने के बाद बक्सर रेलवे स्टेशन एक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments