केंद्रीय विद्यालय को मिली 3.81 एकड़ जमीन, बक्सर में जश्न का माहौल ..

जमीन 11 नंबर लख के पास आंबेडकर छात्रावास के निकट स्थित है. वर्ष 2003 में स्थापना के बाद से विद्यालय की कक्षाएं एम.पी. हाई स्कूल परिसर में संचालित हो रही थीं. अब 22 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद स्थायी भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.

 






                                         


  • 22 साल की प्रतीक्षा खत्म, इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास बनेगा स्थायी भवन
  • 30 साल की लीज पर जमीन हस्तांतरण, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : केंद्रीय विद्यालय के लिए स्थायी जमीन मिलने से जिले में उत्साह और गौरव का वातावरण है. इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के समीप सिंचाई विभाग की 3.81 एकड़ भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को 30 साल की लीज पर टोकन मनी के आधार पर हस्तांतरित कर दी गई है. यह जमीन 11 नंबर लख के पास आंबेडकर छात्रावास के निकट स्थित है. वर्ष 2003 में स्थापना के बाद से विद्यालय की कक्षाएं एम.पी. हाई स्कूल परिसर में संचालित हो रही थीं. अब 22 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद स्थायी भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.

जमीन उपलब्ध होने की खबर मिलते ही शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी व्यक्त की. अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इसे बक्सर के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. अब यहां आधुनिक भवन, खेल मैदान और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से युक्त परिसर विकसित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा.

विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और शिक्षा मंत्री की प्राथमिकता का परिणाम है. उन्होंने स्मरण कराया कि चुनाव के समय उन्होंने सौ दिनों के भीतर भूमि आवंटन का प्रयास करने का संकल्प लिया था, जिसे अब साकार कर दिखाया गया है. उन्होंने जिला पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग की सराहना की तथा विद्यालय परिवार, विशेषकर प्राचार्या के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.

उन्होंने बताया कि बिहार में 19 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए सरकार ने 2135 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. गया, पटना, मुजफ्फरपुर, औरंगाबाद और गोपालगंज सहित कई जिलों में जमीन चिन्हित की गई है. नियमानुसार शहरी क्षेत्रों में 2.5 से 4 एकड़ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 5 एकड़ भूमि अनिवार्य है. बक्सर में 3.81 एकड़ भूमि मिलने से सभी आवश्यक मानकों की पूर्ति हो गई है.

विधायक ने विश्वास जताया कि शीघ्र ही विभागीय प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और केंद्रीय विद्यालय बक्सर शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनकर नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा.








Post a Comment

0 Comments