महदह में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप ..

ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि नेहा ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है. खबर मिलते ही परिजन महदह पहुंचे, लेकिन तब तक शव को फंदे से उतारकर बिस्तर पर रख दिया गया था.


 






                                         


फंदे से लटकी मिलने की सूचना, परिजनों ने बताया साजिश

पति विदेश से लौटा था हाल में, मनमुटाव की भी चर्चा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गांव में 20 वर्षीया नवविवाहिता नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मायके वालों ने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए पति शंकर कुशवाहा को मुख्य आरोपी ठहराया है. पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी की शादी वर्ष 2025 में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रहथुआ गांव से महदह निवासी शंकर कुशवाहा के साथ हुई थी. शनिवार की रात ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि नेहा ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है. खबर मिलते ही परिजन महदह पहुंचे, लेकिन तब तक शव को फंदे से उतारकर बिस्तर पर रख दिया गया था.

मायके पक्ष का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है. उनका कहना है कि शादी के बाद से ही नेहा को प्रताड़ित किया जा रहा था और पति ही इस घटना का मुख्य कारण है. परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले तक दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था. बताया जाता है कि शंकर कुशवाहा शादी के कुछ ही समय बाद कमाने विदेश चला गया था और हाल ही में लौटा था. इस दौरान नेहा मायके में रह रही थी. कुछ दिन पहले ही वह उसे वापस ससुराल लेकर आया था.

रविवार की सुबह मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. नेहा के पिता भुनेश्वर महतो से लिखित शिकायत देने को कहा गया है, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके.

फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है और न ही किसी को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि की गई है. हालांकि पुलिस ने संकेत दिया है कि परिजनों के आरोपों के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया जा सकता है. गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और हर कोई इस सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर बीस वर्ष की उम्र में नेहा की जिंदगी का अंत किन परिस्थितियों में हुआ.








Post a Comment

0 Comments