रविवार की रात दुकान बंद कर व्यवसायी घर चले गए थे. इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान की छत पर चढ़ कर बाहरी दीवार में सेंधमारी की और भीतर प्रवेश कर गए.
- दीवार तोड़कर घुसे चोर, सीसीटीवी सिस्टम भी साथ ले गए
- जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला राजपुर प्रखंड के धनसोई बाजार का है, जहां रविवार देर रात एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर अज्ञात चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. इस वारदात के बाद पूरे बाजार में सनसनी फैल गई है और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
धनसोई बाजार में सुनील सेठ के पुत्र बिट्टू वर्मा की ‘मुंडेश्वरी ज्वेलर्स’ नामक दुकान संचालित है. रविवार की रात दुकान बंद कर व्यवसायी घर चले गए थे. इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान की छत पर चढ़ कर बाहरी दीवार में सेंधमारी की और भीतर प्रवेश कर गए. अंदर घुसते ही उन्होंने अलमीरा तोड़ दी और उसमें रखे करीब चार किलो चांदी तथा लगभग सौ ग्राम सोने के आभूषण चुरा लिए. चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है.
सीसीटीवी और मदरबोर्ड आदि लेते गए चोर
चोरों ने पहचान से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मदरबोर्ड और अन्य उपकरण भी निकालकर अपने साथ ले गए, जिससे साफ है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया. सोमवार सुबह जब व्यवसायी दुकान खोलने पहुंचे, तो टूटी दीवार, बिखरा सामान और खाली अलमीरा देखकर चोरी का खुलासा हुआ.
फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा सकें. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
नालबंद टोली से भी हुई है 40 लाख रुपयों की चोरी
बता दें कि बक्सर में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. हाल ही में नगर थाना क्षेत्र के नालबंद टोली में एक होलसेल कपड़ा दुकान में घुसकर चोरों ने लगभग 40 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी. इस मामले में जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरों ने चोरी की गई रकम से स्कॉर्पियो वाहन खरीद लिया. हालांकि पुलिस ने उक्त वाहन को जब्त कर लिया है.
इधर, पीड़ित व्यवसायी का कहना है कि चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक और उसके सहयोगी आलोक मिश्र के बैंक अकाउंट समेत अन्य वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच होनी चाहिए, ताकि चोरी की पूरी रकम बरामद की जा सके. लगातार हो रही चोरी की वारदातों से जिले के व्यापारी वर्ग में गहरी चिंता है और वे बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments