मुख्यमंत्री के आगमन से पहले संवर रहा ध्वनि एवं प्रकाश केंद्र, 85 लाख रुपये से होगा भव्य कायाकल्प ..

प्रशासन की प्राथमिकता सूची में शामिल इस परियोजना का कई बार ट्रायल रन किया जा चुका है और नई डीएम ने पदभार ग्रहण करने के बाद स्वयं स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की है.

 







                                         

  • रामायण लेजर शो और बक्सर के इतिहास की डिजिटल प्रस्तुति बनेगी मुख्य आकर्षण
  • 200 दर्शकों की बैठने की व्यवस्था, रंगमंच, वीआइपी लाउंज और पार्किंग सुविधा से लैस होगा परिसर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में 10 मार्च को मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में शहर स्थित लाइट एंड साउंड यानी ध्वनि एवं प्रकाश केंद्र को नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. लगभग 85 लाख रुपये की लागत से इसके सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार का कार्य कराया जा रहा है. जिला प्रशासन की प्राथमिकता सूची में शामिल इस परियोजना का कई बार ट्रायल रन किया जा चुका है और नई डीएम ने पदभार ग्रहण करने के बाद स्वयं स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की है. प्रशासन की योजना है कि मुख्यमंत्री के हाथों ही इसे जनता की सेवा में समर्पित कराया जाए.

ध्वनि एवं प्रकाश केंद्र को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है. यहां लेजर शो के माध्यम से रामायण की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे दर्शकों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव एक साथ मिल सके. इसके साथ ही बक्सर के गौरवशाली इतिहास, धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को भी ध्वनि एवं प्रकाश प्रभावों के जरिए दर्शाया जाएगा. इससे यह केंद्र न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का सशक्त जरिया भी साबित होगा.

परिसर के मध्य एक सुसज्जित रंगमंच का निर्माण किया जा रहा है. इस मंच पर नाट्य प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन कराए जा सकेंगे. पूरे परिसर में आकर्षक लॉन, फूलों की क्यारियां और सुव्यवस्थित लैंडस्केपिंग का कार्य किया जा रहा है. शाम के समय प्रकाश व्यवस्था के साथ यह स्थल शहर का प्रमुख आकर्षण बनने की दिशा में अग्रसर है.

पूर्व में भी इस केंद्र के जीर्णोद्धार पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ सका था. इस बार प्रशासन ने सुनियोजित तरीके से वास्तुविद की देखरेख में ब्लूप्रिंट तैयार कर कार्य शुरू किया है. सहायक वास्तुविद अनमोल रतन ने बताया कि साइट प्लान एवं स्केच के आधार पर निर्माण कार्य किया जा रहा है. गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

बाहरी और आंतरिक साज-सज्जा को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यहां 200 लोगों के एक साथ बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है. दर्शकों की सुविधा के लिए आरामदायक बैठने की संरचना विकसित की जा रही है. पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कार्यक्रमों के दौरान लोगों को असुविधा न हो. इसके अलावा एक वीआइपी लाउंज का निर्माण किया जा रहा है, जहां विशिष्ट अतिथियों के बैठने की अलग व्यवस्था होगी. गार्ड रूम सहित अन्य आवश्यक कक्षों का निर्माण भी योजना में शामिल है.

नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता राजन कुमार, सहायक अभियंता वंदना कुमारी तथा कनीय अभियंता प्रतीक कुमार की देखरेख में सिविल वर्क तेजी से जारी है. प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे.

पूर्व लोक अभियोजक तथा नीतीश कुमार विचार मंच के संस्थापक नंद गोपाल प्रसाद बताते हैं कि ध्वनि एवं प्रकाश केंद्र बक्सर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार यह केंद्र अपने उद्देश्य को सार्थक करते हुए शहर के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.








Post a Comment

0 Comments