महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव बारात में झूम उठा नगर ..

दोनों बारात की झांकियों का नगर के मुनीब चौक पर भव्य स्वागत किया गया जहां पांडेय परिवार के पंकज पांडेय ने भगवान भोलेनाथ को विशाल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए खीर, ठंडई आदि की भी व्यवस्था की गई थी. मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता ओम जी यादव भी मौजूद रहे. 


 


 






                                         


- झांकियों, तांडव नृत्य और जयघोष से गूंजा शहर
- मंदिरों में रातभर जलाभिषेक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : महाशिवरात्रि पर जिलेभर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा. ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, रामेश्वर नाथ मंदिर, नाथ बाबा मंदिर, सोमेश्वर नाथ मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, पंचमुखी शिव मंदिर, पातालेश्वर नाथ मंदिर, सिद्धेश्वर नाथ मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में दिनभर जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का क्रम चलता रहा.

नगर में निकली भव्य शिव बारात ने सभी का मन मोह लिया. कोइरपुरवा से अर्धनारीश्वर गौरी शंकर मंदिर के लिए और खलासी मोहल्ला शिव मंदिर से चरित्रवन के लिए शोभायात्रा निकाली गई. झांकियों में भगवान शिव, माता पार्वती, गण, भूत-प्रेत और देवी-देवताओं की आकर्षक प्रस्तुति रही. शिव तांडव नृत्य ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. खास बात यह रही कि विभिन्न धर्मों के लोग भी सड़कों पर खड़े होकर बारात का स्वागत करते दिखे.

ब्रह्मपुर में रात 1 बजे से खुला मंदिर

बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में रात 1 बजे से ही जलाभिषेक शुरू हो गया. पूरी रात भक्त पूजा-अर्चना में लीन रहे. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की. ब्रह्मपुर में भी भव्य शिव बारात की झांकी निकाली गई.

47 वर्षों की परंपरा कायम

जिला मुख्यालय स्थित खलासी मोहल्ला से 47 वर्षों से निकल रही शिव बारात में इस बार भी हाथी, घोड़े और ऊंट आकर्षण का केंद्र बने. रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर में पुजारी रंगीला बाबा ने आरती उतारकर बारातियों का स्वागत किया. चरित्रवन के पंचमुखी शिव मंदिर में देर रात शिव-विवाह संपन्न हुआ. दोनों बारात की झांकियों का नगर के मुनीब चौक पर भव्य स्वागत किया गया जहां पांडेय परिवार के पंकज पांडेय ने भगवान भोलेनाथ को विशाल  ,मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए खीर, ठंडाई आदि की भी व्यवस्था की गई थी. मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता ओम जी यादव भी मौजूद रहे. 

भीड़ के कारण कुछ समय जाम की स्थिति बनी और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, हालांकि आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.







Post a Comment

0 Comments