खेल भावना से गूंजा परिसर, प्रतिभाओं ने भरी नई "उड़ान" ..

वार्षिक खेल महोत्सव “उड़ान” का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ. दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया.

कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि

 






                                         

  • फाउण्डेशन स्कूल में द्विदिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आगाज़
  • निदेशक मनोज कुमार चतुर्वेदी बोले– खेल से बनता है अनुशासन और नेतृत्व

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के डुमरांव जंगल बाजार रोड स्थित के विशाल एवं सुव्यवस्थित खेल परिसर में 13 फरवरी 2026 को वार्षिक खेल महोत्सव “उड़ान” का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ. दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया.

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि मनोज कुमार चतुर्वेदी, निदेशक तथा प्राचार्य प्रतीक कुमार चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. दीपशिखा की आलोकमयी आभा ने पूरे परिसर को प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया. अपने संबोधन में निदेशक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं.

कार्यक्रम का सफल संचालन नमो मिश्रा के कुशल निर्देशन में हुआ. उनके मार्गदर्शन में आयोजन अनुशासित, व्यवस्थित और ऊर्जावान बना रहा. कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा नवम् तक के छात्र-छात्राओं ने दौड़, लंबी कूद, संतुलन प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया.

यह द्विदिवसीय खेल महोत्सव 13 एवं 14 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया है. प्रथम दिवस की सभी प्रतियोगिताएँ हर्षोल्लास और अनुशासित माहौल में संपन्न हुईं. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शिक्षकों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

आयोजन की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं सहयोगी कर्मचारियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही. उनके सामूहिक प्रयासों से “उड़ान” सचमुच विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊँचाई देने की दिशा में सार्थक कदम साबित हो रहा है.








Post a Comment

0 Comments