गोलंबर पर फ्लाई ओवर की मांग तेज, महाजाम से त्रस्त जनता ने शांतिपूर्ण धरना का किया ऐलान ..

महाजाम के कारण स्कूल, कॉलेज, व्यवसाय, उत्सव-त्योहार और आम लोगों की दैनिक जीवनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो रही है. एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं. 






                                         


  • फोरलेन और तीसरे पुल के बाद बढ़ी चिंता, जिला मुख्यालय में यातायात व्यवस्था चरमराई
  • 24 फरवरी को गोलंबर चौराहा पर सुबह 10 बजे होगा प्रदर्शन, सभी दलों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : फोरलेन शुरू होने के बाद से शहर में लगातार लग रहे महाजाम से परेशान आमजन अब सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं. गोलंबर चौराहा पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर 24 फरवरी 2026, मंगलवार को सुबह 10 बजे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल या संगठन का नहीं, बल्कि समस्त बक्सर की जनता जनार्दन का बताया जा रहा है.

जिलाधिकारी बक्सर को संबोधित आवेदन में कहा गया है कि फोरलेन चालू होने के बाद शहर में जाम की समस्या विकराल हो गई है. रोजाना लगने वाले महाजाम के कारण स्कूल, कॉलेज, व्यवसाय, उत्सव-त्योहार और आम लोगों की दैनिक जीवनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो रही है. एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं. स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फोरलेन निर्माण के समय ही गोलंबर पर फ्लाई ओवर बनाने की मौखिक मांग की गई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया. अब जब तीसरे पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, तो लोगों को आशंका है कि उसके चालू होने के बाद यातायात का दबाव और बढ़ेगा तथा जाम की स्थिति और भयावह हो जाएगी.

लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि अपेक्षाकृत कम आबादी वाले चट्टी उत्तर प्रदेश भरौली में फ्लाईओवर निर्माण का प्रावधान है, लेकिन अत्यंत व्यस्त जिला मुख्यालय बक्सर में अब तक ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है. इसे लेकर आमजन में असंतोष व्याप्त है.

धरना-प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बताया गया है. आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह किसी पार्टी, दल, संगठन या व्यक्तिगत हित से जुड़ा कार्यक्रम नहीं है. इसमें सभी राजनीतिक दलों, संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट महानुभावों को सादर आमंत्रित किया गया है.

आम नागरिकों को विश्वास है कि जिलाधिकारी उनके शांतिपूर्ण और जनहित से जुड़े इस मांग को अपने स्तर से उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगी, ताकि शहर को स्थायी समाधान मिल सके और गोलंबर चौराहा पर फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में ठोस पहल हो सके.








Post a Comment

0 Comments