सड़क हादसे में मृत जवान के घर पहुंचे डॉ दिलशाद आलम, रोटरी ने दिया मदद का भरोसा ..

उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना जताई और कहा कि इस दुख की घड़ी में रोटरी परिवार उनके साथ खड़ा है. रोटरी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी गई और बच्चों की पढ़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया.






                                         

- पीड़ित परिवार को ढांढस, आर्थिक सहायता और बच्चों की पढ़ाई का आश्वासन
- कोहरे और तेज रफ्तार ने एक ही परिवार के चार लोगों की ली जान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय राजमार्ग 922 (बक्सर-पटना) फोरलेन पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृत एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय के कृतसागर ब्रह्मपुर स्थित आवास पर रोटरी के अध्यक्ष एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के प्रदेश सचिव डॉ दिलशाद आलम पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना जताई और कहा कि इस दुख की घड़ी में रोटरी परिवार उनके साथ खड़ा है. रोटरी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी गई और बच्चों की पढ़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया.

डॉ दिलशाद आलम ने कहा कि शहीद जवान ओमकार पाण्डेय के बच्चों का नामांकन केंद्रीय विद्यालय में कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए सभी सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं और यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाए.

इसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई कि पटना फोरलेन एनएच-922 पर रविवार सुबह करीब 5 बजे घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास एक अज्ञात ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों में एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय, उनके भाई सुजीत कुमार पाण्डेय, तथा उनकी दो बुआएं गिरजा देवी पत्नी अरुण तिवारी, नेनुआ गांव डुमरांव थाना और मंजू देवी पत्नी धर्मराज ओझा, भरखरा गांव ब्रह्मपुर थाना शामिल हैं. सभी कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर गांव के निवासी थे और बुआ-भतीजे के रिश्ते में थे.

परिजनों ने बताया कि 2 फरवरी को ओमकार पाण्डेय की इकलौती बहन मनीषा का तिलक समारोह था. माघी पूर्णिमा के अवसर पर ओमकार अपने भाई और दोनों बुआओं के साथ रमरेखा घाट गंगा स्नान के लिए बक्सर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

इस मौके पर रोट्रैक्ट से राहुल और सचिव साहिल भी उपस्थित रहे. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.








Post a Comment

0 Comments