वह एक होटल में काम करने के साथ-साथ शादी-विवाह में कैटरिंग टीम के साथ भी मेहनत मजदूरी करता था. गुरुवार की रात करीब दो बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहा था.
- देर रात काम से लौट रहे होटल कर्मी की पटना ले जाते समय मौत
- पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, गांव में पसरा मातम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के व्यस्त ज्योति प्रकाश चौक पर गुरुवार की देर रात दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन पटना ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमरपुर गांव निवासी मुसाफिर राम के 35 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण राम उर्फ नारायण राम के रूप में हुई है. लक्ष्मण राम ज्योति चौक के पास रहता था. वह एक होटल में काम करने के साथ-साथ शादी-विवाह में कैटरिंग टीम के साथ भी मेहनत मजदूरी करता था. गुरुवार की रात करीब दो बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहा था. इसी दौरान ज्योति चौक के समीप सड़क पार करने के दौरान ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी युवक को सदर अस्पताल लाया गया. हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मेहनती युवक था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर है. टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments