ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टी, पाइप और हैंडपंप से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया.
- कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवां में हुआ हादसा
- बैंक प्रबंधक कर रहा नुकसान का आकलन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार देर शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना बैंक बंद होने के कुछ समय बाद की है. बैंक भवन के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीण तेजी से मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी दमकल विभाग व थाने की पुलिस को दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया. बैंक परिसर से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं. ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टी, पाइप और हैंडपंप से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया. दमकल कर्मियों ने पहुंचकर शेष आग को पूरी तरह बुझाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग की चपेट में आने से बैंक के फर्नीचर, काउंटर, महत्वपूर्ण कागजात, कंप्यूटर व अन्य विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. हालांकि बैंक प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि घटना के समय बैंक में कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पुलिस ने बैंक प्रबंधन को विद्युत तारों व उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments