सदर अस्पताल का आइसीयू और डुमरांव का मदर न्यू बॉर्न यूनिट बंद, सामाजिक कार्यकर्ता आमरण अनशन पर ..

मुख्यमंत्री के दौरे के बाद प्रशासन ने मानव बल और उपकरणों की कमी का हवाला देकर आईसीयू बंद होने की बात कही. वहीं 23 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा आईसीयू के क्रियाशील होने की जानकारी दी गई, परंतु अब तक एक भी जरूरतमंद मरीज को इसका लाभ नहीं मिल पाया.


 






                                         

  • शहीद स्मारक पार्क डुमरांव से स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन की मांग
  • आईसीयू चालू होने के आदेश के बाद भी मरीजों को नहीं मिला लाभ

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: सदर अस्पताल बक्सर में वर्षों से तैयार 10 बेड का आईसीयू और अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में 20 बेड का मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट चालू नहीं होने के विरोध में सामाजिक सह आरटीआई कार्यकर्ता हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव ने 20 फरवरी 2026 से शहीद स्मारक पार्क डुमरांव में आमरण अनशन शुरु कर दिया है. उन्होंने लोकहित और आमजन की स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों इकाइयों को अविलंब चालू कराने की मांग उठाई है.

हरे कृष्णा सिंह का कहना है कि 15 फरवरी 2025 को जब मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा प्रस्तावित थी, तब उन्होंने सदर अस्पताल में वर्षों से तैयार 10 बेड के आईसीयू को चालू कराने की मांग की थी. इसके बाद 14 फरवरी 2025 से आईसीयू संचालन का आदेश जारी किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे के बाद प्रशासन ने मानव बल और उपकरणों की कमी का हवाला देकर आईसीयू बंद होने की बात कही. वहीं 23 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा आईसीयू के क्रियाशील होने की जानकारी दी गई, परंतु अब तक एक भी जरूरतमंद मरीज को इसका लाभ नहीं मिल पाया.

उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. अजीत कुमार सिंह, विशेषज्ञ चिकित्सक (मूर्छक), जिन्हें आईसीयू संचालन के लिए योगदान दिया गया था, अस्पताल में उपस्थित नहीं रहते हैं. ऐसी स्थिति में उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं है.

इसी प्रकार डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में 5 अगस्त 2025 को 20 बेड के मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट का उद्घाटन किया गया, लेकिन आज तक किसी भी माता या नवजात को इसका लाभ नहीं मिला. उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति के बावजूद उपस्थिति दर्ज करने और निजी लाभ लेने का भी आरोप लगाया तथा इसकी जांच की मांग की.

उन्होंने डुमरांव अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन, ब्लड बैंक की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन की भी मांग की है.

अंत में हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव, सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई कार्यकर्ता, ग्राम-नंदन, थाना-डुमरांव, जिला-बक्सर ने चेतावनी दी है कि जब तक स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू नहीं होतीं, उनका अनशन जारी रहेगा.








Post a Comment

0 Comments