विधायक आनंद मिश्र ने विधानसभा की पटल पर रखें गोलंबर जाम और परसिया स्कूल मार्ग के मुद्दे ..

स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं. विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए आवश्यक तकनीकी एवं संरचनात्मक कदम उठाए जाने चाहिए.






                                         



  • विधायक आनंद मिश्र ने जनसुरक्षा और बच्चों की सुविधा से जुड़े प्रश्न उठाए
  • यातायात अव्यवस्था व गांव में रास्ते के अभाव पर नियमानुसार याचिका दाखिल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के गोलंबर क्षेत्र में बढ़ते यातायात जाम और सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही दलसागर पंचायत के परसिया गांव में प्राथमिक विद्यालय तक समुचित रास्ता नहीं होने की समस्या को लेकर विधायक आनंद मिश्र ने विधानसभा में याचिका दायर कर जनहित में ठोस पहल की है. दोनों मुद्दों को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि ये सीधे तौर पर आम नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े हैं.

नगर के व्यस्त गोलंबर क्षेत्र में लगातार बढ़ते जाम और दुर्घटनाओं ने आम लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है. सुबह-शाम की भीड़ में स्कूली बच्चों, व्यापारियों और मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं. स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं. विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए आवश्यक तकनीकी एवं संरचनात्मक कदम उठाए जाने चाहिए.

उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि गोलंबर क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन, वैकल्पिक मार्ग, संकेतक व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती पर विशेष योजना बननी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके.

वहीं, बक्सर विधानसभा के दलसागर पंचायत अंतर्गत परसिया गांव में प्राथमिक विद्यालय तक जाने के लिए अब तक समुचित रास्ता नहीं है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों को कीचड़ और जलजमाव के बीच होकर स्कूल जाना पड़ता है. विधायक ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने स्वयं इस क्षेत्र का दौरा किया था और ग्रामीणों ने स्कूल मार्ग निर्माण की मांग रखी थी.

उन्होंने कहा कि शिक्षा तक सुगम पहुंच हर बच्चे का अधिकार है और रास्ते के अभाव में बच्चों को कठिनाई झेलनी पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. जनहित में दोनों विषयों पर नियमानुसार विधानसभा में याचिका के माध्यम से मांग की गई है, ताकि जल्द समाधान सुनिश्चित हो सके.

विधायक आनंद मिश्र, विधायक बक्सर सदर, ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते रहेंगे और जनसुरक्षा व बच्चों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.








Post a Comment

0 Comments