हाजत से संदिग्ध वाहन चोर फरार, थाने में मचा हड़कंप ..

गुरुवार की सुबह युवक ने शौच जाने की बात कही. इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. आरोपी के भागते ही थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया. 

प्रतीकात्मक तस्वीर 






                                         


  • शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस को दिया चकमा
  • संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज, गिरफ्तारी का दावा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : औद्योगिक थाना के हाजत से एक संदिग्ध वाहन चोर के फरार हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. गुरुवार की सुबह शौच जाने का बहाना बनाकर आरोपी युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. घटना के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है.

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम औद्योगिक थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दिव्यांशु कुमार को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. पुलिस को आशंका थी कि वह बाइक चोर गिरोह का सदस्य है. प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे थाना के हाजत में बंद कर दिया गया.

बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह युवक ने शौच जाने की बात कही. इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. आरोपी के भागते ही थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया. पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया, लेकिन वह गलियों का सहारा लेकर नजरों से ओझल हो गया.

घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है. फरार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सक्रिय है और जल्द ही फरार युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद थाना की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा न हो.








Post a Comment

0 Comments