जयंती समारोह के दौरान स्वास्थ्य सेवा, खेल प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धांजलि सभा जैसे विविध आयोजनों के माध्यम से उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को याद किया गया.
- महान गणितज्ञ प्रो. एस.के. मिश्र की 82वीं जयंती पर दो दिवसीय आयोजन का समापन
- प्रोफेसर एसके मिश्रा फाउंडेशन के द्वारा किया गया था आयोजन
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : महान गणितज्ञ प्रो. एस.के. मिश्र की 82वीं जयंती पर मातृ-छाया स्थित प्रो. एस.के. मिश्रा फाउंडेशन परिसर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का रविवार को भावपूर्ण समापन हुआ. जयंती समारोह के दौरान स्वास्थ्य सेवा, खेल प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धांजलि सभा जैसे विविध आयोजनों के माध्यम से उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को याद किया गया. शहर के शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की.
कार्यक्रम के प्रथम दिन 14 फरवरी को मेदांता के सहयोग से प्रणव चटर्जी महाविद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया. शिविर की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह ने की. मुख्य अतिथि आइपीएस शैशव यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कृष्णकांत सिंह ने प्रो. एस.के. मिश्रा स्मृति जिला कैरम प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. अतिथियों ने प्रो. मिश्र के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया.
मेदांता की ओर से प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रेयांस द्विवेदी के नेतृत्व में दस सदस्यीय चिकित्सक दल ने लगभग 138 शहरी एवं ग्रामीण मरीजों की स्वास्थ्य जांच की. शिविर में सीपीआर प्रशिक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य जांच भी कराई गई, जिससे लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सका. मुख्य अतिथि शैशव यादव ने प्रो. मिश्रा की स्मृति में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
रविवार 15 फरवरी को आयोजित जयंती समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व आईपीएस एवं बक्सर सदर विधायक आनन्द मिश्रा ने प्रो. मिश्रा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया. उन्होंने समाहरणालय रोड का नाम प्रो. एस.के. मिश्रा रोड करने का वचन दिया. सभा की अध्यक्षता फाउंडेशन के सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने की. विशिष्ट अतिथि प्रो. कृष्णकांत सिंह एवं मेजर डॉ. पी.के. पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रीफल का पौधा रोपित कर पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता जताई.
सभा में डॉ. भरत प्रसाद, डॉ. निर्मल कुमार सिंह और शंभुलाल ने स्वयं को प्रो. मिश्रा का शिष्य बताते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला. पूर्व छात्र शिवचन्द्र सिंह ने उन्हें ‘अजात शत्रु’ की उपाधि से विभूषित किया. मिलेनियम पब्लिक स्कूल बक्सर के निदेशक भरत प्रसाद ने कहा कि प्रो. मिश्रा की सहज मुस्कान हर कठिनाई को सरल बना देती थी.
समारोह के दौरान प्रो. मिश्रा के पुत्र निशित मिश्रा एवं डॉ. अमित मिश्रा ने भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया. वार्ड पार्षद सिद्धू मियां ने कलेक्ट्रियट रोड का नाम प्रो. एस.के. मिश्रा पथ करने की मांग उठाई. मंच संचालन रोहतासवी साहब ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निर्मल कुमार सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि ऐसे महान शिक्षाविद को सच्ची श्रद्धांजलि उनके नाम पर मार्ग का नामकरण कर ही दी जा सकती है.




.png)


.png)
.gif)










0 Comments