पिछले दिनों सोनम ने 1100 रुपये कहीं खर्च कर दिए थे. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. रविवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरु हो गई.
- इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में हुई दर्दनाक घटना
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा, आरोपी पति हिरासत में
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां महज 1100 रुपये खर्च करने को लेकर हुए झगड़े में पति ने पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार धनसोई की रहने वाली सोनम की शादी मदन डेरा गांव निवासी सोनेलाल यादव के साथ हुई थी. बताया जा रहा है कि पिछले दिनों सोनम ने 1100 रुपये कहीं खर्च कर दिए थे. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. रविवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सोनेलाल यादव ने पत्नी की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से सोनम की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
बताया जा रहा है कि मृत महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है.
इस संबंध में इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनु कुमार ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है. परिजनों के आवेदन के आधार पर एफआइआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




.png)


.png)









0 Comments