सामाजिक मंच की आपात बैठक में नगर परिषद डुमरांव पर धोखाधड़ी, वादाखिलाफी और तिकड़मबाजी से सूद माफी के नाम पर बढ़े दर से टैक्स वसूली का आरोप लगाया गया.
- “बढ़ल रेट कहा से आइल, 2014 से 2026 तक आय-व्यय के हिसाब द” नारे की गूंज
- सामाजिक मंच डुमरांव की आपात बैठक में नगर परिषद पर गंभीर आरोप
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : होल्डिंग टैक्स की बढ़ी दरों को लेकर डुमरांव नगर में एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है. जंगल बाजार रोड स्थित निजी सभागार में सामाजिक मंच की आपात बैठक में नगर परिषद डुमरांव पर धोखाधड़ी, वादाखिलाफी और तिकड़मबाजी से सूद माफी के नाम पर बढ़े दर से टैक्स वसूली का आरोप लगाया गया. बैठक में साफ कहा गया – “होल्डिंग टैक्स के बढ़ल रेट कहा से आइल, 2014 से 2026 तक आय-व्यय के हिसाब द.”
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 09-09-2025 को बढ़े रेट के साक्ष्य और 28 सूत्री मांग पत्र पर लिखित आश्वासन देकर अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कराया गया था. बाद में पुनः पत्र देकर जवाब के लिए अवधि विस्तार भी लिया गया. अनुमंडलाधिकारी के निर्देश पर 5 सदस्यों की कमिटी बनाई गई, लेकिन मंच का आरोप है कि होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी से जुड़े साक्ष्यों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया.
अंचल प्रशासन पर भी उठाए सवाल
सामाजिक मंच ने अंचल प्रशासन डुमरांव पर भी सवाल उठाए. आरोप है कि पुराने 1 से 26 वार्ड की जमाबंदी नागरिकों को नहीं दी जा रही है तथा कैसरे हिंद भूमि के अतिक्रमण पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही. इसे प्रशासनिक उदासीनता और पारदर्शिता की कमी बताया गया.
14 से शुरु होगा अनिश्चितकालीन धरना
बैठक में सर्वसम्मति से 14 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का निर्णय लिया गया. धरने को सुचारू रूप से चलाने के लिए संचालन समिति का गठन भी किया गया. मंच के नेताओं ने कहा कि जब तक बढ़े दर का आधार सार्वजनिक नहीं किया जाता और 2014 से 2026 तक का पूरा आय-व्यय विवरण नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
बैठक में समता कुमार, विमलेश सिंह, श्याम जी गुप्ता, महेंद्र सिंह, अक्षय कुमार, राजेन्द्र केशरी, शमीम अंसारी, सुनील कुमार तिवारी, शिवजी कसेरा, विजय कसेरा, ललन यादव, बडक यादव, राहुल कुमार, राहुल सिंह, नागेन्द्र कुमार सिंह, ददन सिंह, सड़क यादव, बलराम सिंह और रिंकू यादव उपस्थित रहे. बैठक का संचालन प्रदीप कुमार शरण ने किया, जबकि अध्यक्षता लाल मोहम्मद खान ने की.
अब देखना होगा कि नगर परिषद इस बढ़ते जनदबाव पर क्या रुख अपनाती है. शहर में “जागो जनता” के नारों के बीच आंदोलन की आहट तेज हो चुकी है.




.png)


.png)









0 Comments