महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में ओपन क्विज टेस्ट 16 मार्च को ..

क्विज प्रतियोगिता का सिलेबस सभी विषयों के मूलभूत सामान्य ज्ञान पर आधारित रखा गया है, ताकि अलग-अलग विषयों के विद्यार्थी भी आसानी से इसमें भाग ले सकें और अपनी ज्ञान क्षमता का परीक्षण कर सकें.


 






                                       


- सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रतियोगिता में सभी संकायों के विद्यार्थी होंगे शामिल
- बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को दिया जाएगा पुरस्कार 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक व बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16 मार्च 2026 दिन सोमवार को ओपन क्विज टेस्ट का आयोजन किया जाएगा. यह प्रतियोगिता महाविद्यालय के रूम नंबर–07 में आयोजित होगी. इसमें महाविद्यालय के सभी संकायों के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.

महाविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस प्रतियोगिता का आयोजन स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है. क्विज प्रतियोगिता का सिलेबस सभी विषयों के मूलभूत सामान्य ज्ञान पर आधारित रखा गया है, ताकि अलग-अलग विषयों के विद्यार्थी भी आसानी से इसमें भाग ले सकें और अपनी ज्ञान क्षमता का परीक्षण कर सकें.

क्विज टेस्ट वस्तुनिष्ठ यानी ऑब्जेक्टिव लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा. परीक्षा की अवधि एक घंटा निर्धारित की गई है. यह परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी. निर्धारित समय के भीतर विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देना होगा.

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा. महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करती हैं.

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ) कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इससे छात्रों की तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है. उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की.

इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की ओर से भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. विभागाध्यक्ष डॉ महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक प्राध्यापक डॉ विरेन्द्र कुमार तथा डॉ नवीन शंकर पाठक ने विभाग के छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है.










Post a Comment

0 Comments