सख्ती : कल से 20 मार्च तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा गैस वितरण ..

गैस वितरण के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. साथ ही पुलिस बल की तैनाती का भी निर्देश दिया गया है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जा सके.

कतारबद्ध होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते भारत गैस एजेंसी के उपभोक्ता

 






                                 



  • गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्ती, बक्सर की सभी एजेंसियों पर दंडाधिकारी तैनात
  • मध्य पूर्व में युद्ध के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच प्रशासन अलर्ट

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस एवं अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बक्सर प्रशासन सतर्क हो गया है. अनुमण्डल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने आदेश जारी कर अनुमण्डल क्षेत्र की सभी गैस एजेंसियों पर गैस वितरण के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. साथ ही पुलिस बल की तैनाती का भी निर्देश दिया गया है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जा सके.

पुलिस उप महानिरीक्षक, विशेष शाखा, बिहार, पटना के पत्र के आलोक में जारी इस आदेश के तहत 13 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक दंडाधिकारी की मौजूदगी में गैस वितरण कराया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य यह है कि उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति मिल सके और किसी भी प्रकार की अफरातफरी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो.

दंडाधिकारियों की सूची

आदेश के अनुसार सेनामति इंडेन, माँ कात्यानी इंडेन, योगेन्द्र नाथ इंडेन, कुँवर ज्योति गैस सर्विस, विश्वामित्र भारत गैस, आनंद एचपी गैस एजेंसी तथा आराध्या भारत गैस ग्रामीण वितरक इटाढ़ी सहित अन्य गैस एजेंसियों पर अलग-अलग दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इन एजेंसियों पर जितेन्द्र प्रसाद, विनय कुमार राय, आदेश प्रसाद, कुणाल गोस्वामी, रूपलाल राम, मनोज कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, संजय कुमार, मुकेश चन्द्र पाठक, प्रेन कुमार सिंह, श्याम बिहारी पाण्डेय और बलवत मिश्रा को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है.

गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार देव को अनुमण्डल स्तर पर नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि सभी गैस एजेंसियों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से प्रतिदिन समन्वय स्थापित कर दैनिक प्रतिवेदन अनुमण्डल पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं.

इसके अलावा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि से अपने क्षेत्र में पुलिस बल के साथ भ्रमणशील रहकर गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें. साथ ही प्रखण्ड आपूर्ति निरीक्षकों को भी अपने-अपने क्षेत्र में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.










Post a Comment

0 Comments