राहत की खबर : आपदा से निपटने को बक्सर में तैनात हुई एसडीआरएफ टीम, राहत-बचाव कार्य अब होगा और तेज ..

12 मार्च 2026 को विभागीय पत्र जारी होने के बाद एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कर दी गई. टीम अब जिले में किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए तैयार रहेगी.

 

एसडीआरएफ की टीम के साथ बातचीत करके एडीएम






                                 





  • प्रमुख घाटों और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी
  • अपर समाहर्त्ता व बीडीओ ने स्थल का किया निरीक्षण, स्थायी आवासन की तैयारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में आपदा की स्थिति से निपटने के लिए अब राहत और बचाव कार्य और तेज होगा. जिला प्रशासन के अनुरोध पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बक्सर जिले में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है. यह टीम जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले में होने वाली विभिन्न आपदाओं के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देगी. प्रशासन के इस कदम से जिलावासियों में राहत और खुशी का माहौल देखा जा रहा है.

बताया गया कि 6 मार्च 2026 को आयोजित बैठक में बक्सर जिले में एसडीआरएफ की टीम को स्थायी रूप से तैनात करने की मांग आपदा प्रबंधन विभाग से की गई थी. इसी के आलोक में 12 मार्च 2026 को विभागीय पत्र जारी होने के बाद एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कर दी गई. टीम अब जिले में किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए तैयार रहेगी.

प्रशासन की योजना के अनुसार प्रमुख त्योहारों और भीड़भाड़ वाले अवसरों को ध्यान में रखते हुए एसडीआरएफ टीम को रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर भी तैनात किया जाएगा. इससे गंगा घाटों पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों में तुरंत मदद मिल सकेगी.

इधर, गृह रक्षा वाहिनी के प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद संबंधित स्थल पर एसडीआरएफ टीम के स्थायी आवासन की भी व्यवस्था की जाएगी. इसी क्रम में 12 मार्च को अपर समाहर्त्ता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर ने स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया.

प्रशासन का मानना है कि एसडीआरएफ टीम की स्थायी तैनाती से जिले में आपदा प्रबंधन की व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आपात स्थिति में राहत कार्य तेजी से संचालित किए जा सकेंगे. जिलावासियों के लिए यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.










Post a Comment

0 Comments