एमवी कॉलेज परिसर में अनुशासन पर रहेगा विशेष ध्यान, प्रॉक्टोरियल बोर्ड का गठन ..

इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यालय आदेश जारी कर समिति के पदाधिकारियों को नामित किया गया है. साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों का कड़ाई से पालन करने और परिसर में अनुशासित आचरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

एमवी कॉलेज (फाइल इमेज)





                                 



  • छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर निगरानी रखेगी अनुशासनात्मक समिति
  • गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुशासित वातावरण जरूरी : प्रधानाचार्य 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय बक्सर के परिसर में शैक्षणिक माहौल को बेहतर और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से प्रॉक्टोरियल बोर्ड (अनुशासनात्मक समिति) का गठन किया गया है. इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यालय आदेश जारी कर समिति के पदाधिकारियों को नामित किया गया है. साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों का कड़ाई से पालन करने और परिसर में अनुशासित आचरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

जारी आदेश के अनुसार महाविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यक होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की जिम्मेदारी प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सौंपी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को मजबूत बनाने और पढ़ाई के अनुकूल माहौल बनाए रखने के लिए अनुशासन बेहद आवश्यक है.

गठित प्रॉक्टोरियल बोर्ड में स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० सुजीत कुमार यादव को सचिव बनाया गया है. वहीं अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० अमृता कुमारी तथा स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ० नवीन शंकर पाठक को सदस्य नामित किया गया है. समिति परिसर में अनुशासन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ छात्र-छात्राओं के आचरण पर निगरानी रखेगी.

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो० (डॉ०) कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है जब परिसर का वातावरण अनुशासित और अध्ययन के अनुकूल हो. प्रॉक्टोरियल बोर्ड का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है ताकि महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल और अधिक सुदृढ़ हो सके.

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी महाविद्यालय के नियमों का पालन करें और अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी छात्र-छात्राएं बिना किसी व्यवधान के अपने अध्ययन पर पूर्ण रूप से ध्यान केंद्रित कर सकें.










Post a Comment

0 Comments