बक्सर में कचरा दिखा तो 24 घंटे में होगा साफ, डीएम ने वार्ड-वार अफसरों की लगाई ड्यूटी ..

नगर निकाय क्षेत्रों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है. इसके कारण कई जगहों पर कचरा जमा हो जाता है, जिससे प्रदूषण और बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है.

खलासी मोहल्ले में सड़क किनारे पसरा कचरा 

 






                                       




- नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सफाई पर अब प्रशासन की सीधी निगरानी
- जियो टैग फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप में डालने का निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर निकाय क्षेत्रों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो रहे कचरे को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है. जिलाधिकारी ने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अलग-अलग वार्डों की निगरानी हेतु कई पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है. अब नामित अधिकारी नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण करेंगे और कहीं भी कचरा मिलने पर उसकी जियो टैग फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप में डालेंगे. इसके बाद संबंधित नगर निकाय को 24 घंटे के भीतर कचरा हटाकर स्थल की सफाई करानी होगी.

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कई माध्यमों से सूचना मिली थी कि नगर निकाय क्षेत्रों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है. इसके कारण कई जगहों पर कचरा जमा हो जाता है, जिससे प्रदूषण और बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है. इस समस्या से निपटने के लिए साफ-सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी जरूरी है.

इसी के तहत नगर परिषद बक्सर के वार्ड 1 से 7 तक की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार को दी गई है. वहीं वार्ड 8 से 14 तक भूमि सुधार उप समाहर्ता शशि भूषण, 15 से 21 तक वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार, 22 से 28 तक वरीय उप समाहर्ता गौरव सिंह, 29 से 35 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पाण्डेय तथा 36 से 42 तक अंचलाधिकारी राहुल कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

नगर परिषद डुमरांव में वार्ड 1 से 7 तक अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, 8 से 14 तक भूमि सुधार उप समाहर्ता टेश लाल सिंह, 15 से 21 तक कार्यपालक दंडाधिकारी अजाजुद्दीन अहमद, 22 से 28 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय तथा 29 से 35 तक अंचलाधिकारी-सह-राजस्व अधिकारी कुमार दिनेश को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है.

नगर पंचायत चौसा में वार्ड 1 से 7 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान और 8 से 14 तक अंचलाधिकारी निलेश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं नगर पंचायत इटाढ़ी में वार्ड 1 से 6 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी किरण कुमारी तथा 7 से 11 तक अंचलाधिकारी संतोष कुमार प्रीतम को निगरानी सौंपी गई है. नगर पंचायत ब्रह्मपुर में वार्ड 1 से 7 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार और 8 से 13 तक अंचलाधिकारी खुशबू खातून को जिम्मेदारी दी गई है.

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नामित पदाधिकारी नियमित अंतराल पर वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे. यदि कहीं कचरा मिलता है तो उसकी जियो टैग फोटो नगर निकाय के व्हाट्सऐप ग्रुप में डालना होगा. संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को 24 घंटे के अंदर कचरा उठवाकर सफाई करानी होगी. यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी.









Post a Comment

0 Comments